SAWAN 2ND SOMVAR : काशी विश्वनाथ, महाकाल से लेकर बाबा बैद्यनाथ तक…बम-बम भोले की गूंज

Bindash Bol

SAWAN 2ND SOMVAR : भगवान शंकर का अतिप्रिय माना जाने वाला श्रावण मास का आज दूसरा सोमवार है. देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा है. सभी शिवालयों पर भक्तों की लंबी कतारें हैं. श्रद्धालु धूप-दीप और मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव की पूजा-अर्चना में लीन हैं. सुबह से ही मंदिरों में ‘बम-बम भोले’, ‘हर-हर महादेव’ के स्वर लोगों को ऊर्जा भर रहा है. काशी विश्वनाथ, महाकाल, बाबा बैद्यनाथ, मुक्तेश्वर नाथ, नागेश्वरनाथ , मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ सहित कई मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है.

शिव की नगरी काशी में उत्साह अपार, विश्वनाथ दरबार में भक्तों की संख्या का बना रिकॉर्ड

रिमझिम फुहारों के बीच सावन के दूसरे सोमवार पर जटाजूट, भूतभावन, राजराजेश्वर काशीपुराधिपति की नगरी में अपार उत्साह है। बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक, दर्शन-पूजन के लिए आधी रात से ही अनवरत कतार लगी है। बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह से गंगा के तट तक बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। कांवड़ियों से हर कोना केसरिया नजर आ रहा है।

सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा के जलाभिषेक के लिए देश के कोने-कोने से भक्त यहां पहुंचे हैं। मंगला आरती के बाद तड़के चार बजे मंदिर के पट खुले तो आस्थावानों का रेला उमड़ पड़ा। विधिविधान से जलाभिषेक कर भक्तों ने बाबा विश्वनाथ से अपनी अरज-गरज लगाई। सुख-समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ दर्शन-पूजन कर धन-धन्य हुए। सुबह पांच बजे तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर चुके थे।

फूल बिछाकर और रेड कार्पेट पर स्वागत

काशी के दूसरे शिवालयों में भी भीड़ है। आस्था की डोर पर सवार भक्तों के आगमन से बाबा दरबार हर-हर बम-बम के नारों से गूंज उठा। मंगला आरती से शुरू हुआ जलाभिषेक और झांकी दर्शन का सिलसिला अनवरत जारी है। हर-हर महादेव का उद्घोष और ऊं नम: शिवाय का जाप करते हुए शिवभक्त बरसात के बीच भी बैरिकेडिंग में डटे हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से शिवभक्तों का फूल बिछाकर और रेड कार्पेट पर स्वागत किया गया।

रविवार को देर रात तक तीन लाख से अधिक शिवभक्तों ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन और जलाभिषेक किया। रविवार की रात से ही बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए देर रात तक तैयारियां चलती रहीं।

सवेरे गंगा में स्नान के लिए लोग उमड़ पड़े क्योंकि मंगला आरती के बाद से ही आम श्रद्धालुओं के जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। रात को जोरदार बारिश के बावजूद शिव भक्तों की लंबी कतार लग गई। जयकारे गूंजने लगे। कतारबद्ध कांवरिये बाबा के जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ते रहे। ट्रालियों, टेंपो, ट्रैक्टरों पर सजी बाबा विश्वनाथ की मोहक झांकियों को लेकर कांवरियों की टोलियां रात काशी की सड़कों पर चलती नजर आईं।

कंधे पर रंग-बिरंगी कांवड़ लिए समूह बोल कंवरिया बोल बम… के जयकारे लगाते हुए हर तरफ बढ़ते नजर आए। श्रद्धालुओं के लिए एक तो ज्ञानवापी से चौक की तरफ और दूसरी ज्ञानवापी से गदौलिया की तरफ बैरिकेडिंग कराई गई है। बैरिकेडिंग में खड़े श्रद्धालु हर-हर महादेव और हर-हर बम-बम का जयकारा लगाते मंदिर की तरफ बढ़ रहे थे।

बाबाधाम में उमड़े कांवड़िये, 6 किलोमीटर तक लगी लंबी लाइन

सावन की दूसरी सोमवारी पर देवघर के बाबाधाम मन्दिर ( Baba Baidyanath Dham Temple ) में लाखों की संख्या में कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। जिला प्रशासन की तरफ से बड़ी संख्या में कांवड़ियों को आने लेकर खास तैयारी की गई थी। सुरक्षा और सुलभ जलार्पण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रविवार रात से यहां लाइन लगनी शुरू हो गई थी जो सुबह बाबा मंदिर का पट खुलने तक 6 किलोमीटर तक लंबी हो चुकी थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ ही डीआईजी, आईजी, एसपी और जिलाधिकारी खुद सड़कों पर जुटे नजर आए।

बाबाधाम में ‘बम भोले’ की गूंज

श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही एक हफ्ते तक जिस अनुपात में कांवड़ियों की संख्या देखी जा रही थी उससे इतने बड़े आयोजन पर सवाल खड़े होने शुरू हो चुके थे। बाबा मंदिर में उम्मीद से कहीं कम भक्त नजर आ रहे थे। जिसे लेकर बाबाधाम के बाजार पर भी खासा असर देखने को मिल रहा था। लेकिन, दूसरी सोमवारी के मौके पर उमड़ी कांवड़ियों की अप्रत्याशित भीड़ से मेले से जुड़े तमाम लोगों के चेहरे खिल उठे। पूरा बाबाधाम बोल-बम के नारों से गुंजयमान है हर तरफ सिर्फ गेरुवा वस्त्र धरी ही नज़र आ रहे हैं और बाबा मंदिर का प्रांगण भक्तों से पटा पड़ा है।

साढ़े तीन लाख से ज्यादा कांवड़ियों के आने की उम्मीद- DC

देवघर के जिलाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि, दूसरी सोमवारी के अवसर पर साढ़े तीन लाख से ज्यादा कांवड़ियों के बाबाधाम आने और जलार्पण करने की उम्मीद है। कांवड़ियों की तमाम सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। लाइन से सभी भक्तों को अरघा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है। रूट लाइन पर कांवड़ियों के लिए मेडिकल से लेकर सभी जरूरी इंताज़म किए गए हैं।

रविवार को डेढ़ लाख भक्तों ने किया जलार्पण

सावन महीने में चलने वाले मेले ने 11वें दिन एकाएक रफ्तार पकड़ ली। रविवार के दिन बाबा मंदिर में 1 लाख 50 हज़ार 3 सौ 41 भक्तों ने जलार्पण किया। जिनमें 1,27,96 भक्तों ने मुख्य अरघा जबकि, 39957 ने बाह्य अरघा और 7,588 श्रद्धालुओं ने शीघ्रदर्शनम कूपन के माध्यम से पूजा अर्चना की। रविवार देर रात से सोमवारी को जलार्पण के लिए 1 लाख से ज्यादा भक्तों की कतार लग चुकी थी जबकि, पूरा कांवड़िया पथ बोल-बम का जयघोष से गुंजयमान नजर आया।

कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 11 हजार फोर्स की तैनाती

सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और एसपी सुभाष चन्द्र जाट समेत तमाम अधिकारी लगातार रूट लाइन की मॉनिटरिंग में लगे रहे। साथ ही पूरे बाबा मंदिर को सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया। सुरक्षाकर्मियों को खास तौर पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment