Himanshu Singh  Murder Case : खाटूश्यामजी में दबोचा गया हिमांशु हत्याकांड का मुख्य आरोपी, झारखंड पुलिस को सौंपा गया भाजपा नेता नीरज सिंह

Bindash Bol

Himanshu Singh  Murder Case : झारखंड के चर्चित करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजस्थान के खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी और भाजपा नेता नीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी झारखंड और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर नीरज सिंह के खाटूश्यामजी क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही खाटूश्यामजी थाना प्रभारी पवन चौबे के निर्देशन में हेड कांस्टेबल बनवारी लाल और कांस्टेबल राजेंद्र गढ़वाल ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की लगातार निगरानी और खोजबीन के बाद पुलिस टीम आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

होटल से दबोचा गया आरोपी

पुलिस टीम ने मंडा रोड स्थित एक होटल में छापेमारी कर नीरज सिंह को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डी) बार के मालिक नीरज सिंह के रूप में हुई। गिरफ्तारी के बाद खाटूश्यामजी पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना झारखंड पुलिस को दी।
इसके बाद झारखंड पुलिस की टीम खाटूश्यामजी पहुंची और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। अब नीरज सिंह को जमशेदपुर ले जाकर उससे हत्याकांड के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह गिरफ्तारी हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment