Jharkhand : झारखंड में नक्सलवाद को बड़ा झटका: 27 खूंखार नक्सलियों ने किया सरेंडर

Bindash Bol

Jharkhand : झारखंड की राजधानी रांची में आज नक्सल विरोधी अभियान के तहत इतिहास का सबसे बड़ा दिन रहा. राज्य गठन के 26 वर्षों में पहली बार एक साथ 27 दुर्दांत नक्सलियों और उग्रवादियों ने झारखंड पुलिस मुख्यालय में डीजीपी तदाशा मिश्रा के समक्ष सरेंडर किया और हथियार डाल दिए. सरेंडर करने वालों में भाकपा माओवादी संगठन के 25 नक्सली और जेजेएमपी संगठन के 2 उग्रवादी शामिल हैं.

झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति ऑपरेशन नवजीवन से प्रभावित होकर इन नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया और सरेंडर किया. इस दौरान नक्सलियों ने 16 अत्याधुनिक हथियार, 27 मैगजीन, 8 वॉकी-टॉकी और 2857 राउंड गोलियां भी पुलिस को सौंप दी. बरामद हथियारों में एक एलएमजी, चार इंसास राइफल, नौ एसएलआर राइफल, एक .303 बोल्ट एक्शन राइफल और एक देशी पिस्तौल शामिल हैं.

सब जोनल कमांडरों ने भी किया सरेंडर
आत्मसमर्पण करने वालों में भाकपा माओवादी संगठन के 6 सब-जोनल कमांडर भी शामिल हैं, जिन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. इनमें प्रभात मुंडा उर्फ नागेंद्र मुंडा, गुलशन मुंडा उर्फ गादी मुंडा, रेखा मुंडा उर्फ जयंती, सागेन आगारिया उर्फ दोकोल, सुलेमान हसदा और दर्शन उर्फ बिज हंसदा के नाम प्रमुख हैं. इसके अलावा दो लाख का इनामी एरिया कमांडर करण उर्फ डांगुर और एक लाख की इनामी बासुमति जेराई उर्फ बासु ने भी सरेंडर किया.

दो उग्रवादियों ने भी किया आत्मसमर्पण
जेजेएमपी संगठन के दो उग्रवादियों ने भी आत्मसमर्पण किया है. इनमें पांच लाख का इनामी सचिन बैक उर्फ यूजीन और एरिया कमांडर श्रवण गोप शामिल है. इनके पास से एक इंसास राइफल, चार मैगजीन और 130 राउंड गोलियां बरामद हुई हैं.

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले कई नक्सली बड़े मामलों में वांछित थे. पांच लाख के इनामी सागेन आगारिया उर्फ दोकोल के खिलाफ 123 मामले दर्ज हैं, जबकि गुलशन उर्फ गादी मुंडा पर चाईबासा, सरायकेला, रांची और खूंटी में 48 केस दर्ज हैं.

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में एक करोड़ के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा दस्ते के खिलाफ चल रहे अभियान के कारण नक्सली संगठन कमजोर पड़ रहे हैं. पुलिस इसे नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी और ऐतिहासिक सफलता मान रही है.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment