Jharkhand Heat Wave : झारखंड में गर्मी का कहर, डाल्टनगंज बना आग का शहर

Bindash Bol

* पांच जिलों का पारा 40 डिग्री के पार, डाल्टनगंज सबसे गर्म

Jharkhand Heat Wave : झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है. आने वाले कुछ दिनों तक मुश्किलें और बढ़ने की उम्मीद है. कई जिले हीट वेव की चपेट में हैं. सबसे बुरा हाल पलामू के डाल्टनगंज का है. पिछले 24 घंटे में यहां का पारा 44.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. यहां 48 घंटे पूर्व अधिकतम पारा 45.2 डिग्री रिकार्ड हुआ था. रांची में भी हाल बेहाल है. रांची का तापमान 48 घंटे के भीतर 0.3 डिग्री बढ़कर 39.2 डिग्री तक पहुंच गया है. रांची के नामकुम और कांके में अधिकतम पारा 39.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.

चार-पांच दिनों बाद राहत मिलने की उम्मीद

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक मई माह के अंतिम सप्ताह आते-आते गर्मी चरम पर पहुंच जाती है. देश के कई राज्यों मसलन राजस्थान, यूपी, बिहार, एमपी, गुजरात में प्रचंड गर्मी पड़ रही है. ज्यादा गर्मी के पीछे क्लाइमेट चेंज भी एक कारण है. उन्होंने बताया कि झारखंड में गर्मी का सबसे ज्यादा असर बिहार से यूपी से लगे पलामू और गढ़वा में दिख रहा है. यह सिलसिला अगले चार-पांच दिनों तक जारी रहेगा. इसके बाद मौसम में बदलाव दिखना शुरु होगा, जिससे तापमान में कमी आने की उम्मीद है.

आज इन इलाकों में आफत तो इन इलाकों में राहत

मौसम केंद्र, रांची की रिपोर्ट के मुताबिक 23 मई को पलामू, गढ़वा और चतरा में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं उत्तर-पूर्वी भाग मसलन, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज और निकटवर्ती मध्य भाग में शामिल धनबाद में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है. लिहाजा, इन इलाकों के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

रविवार और सोमवार को कैसा रहेगा मौसम

मौसम केंद्र के मुताबिक 24 मई को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य में शुमार धनबाद में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. इन इलाकों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश का अनुमान है, लेकिन 25 मई को मध्य भागों में (रांची, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, बोकारो, कोडरमा) कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है.

राज्य के प्रमुख जिलों में तापमान का हाल

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा पलामू के डाल्टनगंज में 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है. बोकारो में 41.5 डिग्री सेल्सियस, सरायकेला में 41.2 डिग्री, कोडरमा में 40.6 डिग्री और लोहरदगा में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है. शेष सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा है.

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक आद्रता यानी ह्यूमिडिटी ज्यादा रहने की वजह से गर्मी का ज्यादा एहसास हो रहा है. इस दौरान शरीर को डिहाईड्रेट होने से बचाव से तमाम उपाय करने की जरूरत है. थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहना है. घर से बाहर निकलने से पहले छाता का इस्तेमाल करना है. पूरे बदन को ढक कर रखना है.

क्यों ज्यादा महसूस हो रही है गर्मी

मौसम केंद्र के मुताबिक इसकी सबसे बड़ी वजह है अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच गैप में कमी और आद्रता का ज्यादा होना. रांची में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री है, लेकिन न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री है. इसकी वजह से रात में भी बेचैनी महसूस हो रही है. ज्यादातर जिलों का यही हाल है. रांची में आद्रता 88, जमशेदपुर में 89, बोकारो में 70 और चाईबासा में 65 रिकॉर्ड हुई है. इसकी वजह से थोड़ी सी एक्टिविटी होने पर पूरा शरीर पसीने से सराबोर हो जाता है.

Share This Article
Leave a Comment