Jharkhand Heavy Rain: झारखंड में 26 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में तेज हवाएं और गरज-चमक के आसार

Bindash Bol
  • झारखंड में 23 और 24 जुलाई को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

Jharkhand Heavy Rain : झारखंड में आगामी सप्ताह मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 जुलाई 2025 तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से लेकर भारी और अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान तेज गर्जन के साथ हवाएं चलेंगी, जिससे जनजीवन और खेती-किसानी पर असर पड़ सकता है।

21 जुलाई यानी आज राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों, जिसमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, हजारीबाग, देवघर, गोड्डा आदि आते हैं, में आकाशीय बिजली के साथ तेज गर्जन और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन दो दिनों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी। तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 22 जुलाई को अधिकांश जिलों में सामान्य से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके बाद 23 जुलाई को मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के प्रभाव से राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में भारी बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं।

24 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। 25 और 26 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्के से मध्यम वर्षा जारी रहने के आसार हैं।

Share This Article
Leave a Comment