Jharkhand Liquor Scam : झारखंड के चर्चित कथित शराब घोटाला मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी सिलसिले में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रांची स्थित जोनल कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई। ईडी ने उन्हें दूसरे समन के जरिए तलब किया था।
इससे पहले ईडी ने रामेश्वर उरांव को 30 जून और उनके पुत्र रोहित उरांव को 29 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, दोनों निर्धारित तारीख पर पेश नहीं हुए और तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था। ईडी ने उनके अनुरोध पर आंशिक राहत देते हुए केवल एक सप्ताह का समय दिया और नया समन जारी किया। इसके तहत रोहित उरांव 6 जुलाई को ईडी के सामने पेश हुए थे, जबकि रामेश्वर उरांव मंगलवार को पूछताछ के लिए कार्यालय पहुंचे।
ईडी की यह कार्रवाई योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब घोटाले की मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है। जांच एजेंसी इस मामले में कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है और इसी क्रम में पूर्व वित्त मंत्री से पूछताछ की जा रही है।
ईडी कार्यालय पहुंचने पर पत्रकारों ने रामेश्वर उरांव से सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना कहा, “मैं 25 साल पुलिस सेवा में रहा हूं। कोई भी गवाह बाहर बयान नहीं देता। जो भी कहना होगा, अंदर अधिकारियों के सामने कहेंगे।”
अब इस मामले में ईडी की पूछताछ से क्या नए तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।