Mahakumbh 2025 : प्रयागराज में महाकुंभ के कारण यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रयागराज संगम स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। प्रयागराज संगम स्टेशन पर बहुत ज्यादा भीड़ हो गई थी। इसके बाद श्रद्धालुओं की भीड़ और उनकी सुरक्षा को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। अगले आदेश तक प्रयागराज संगम स्टेशन को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी श्रद्धालुओं को प्रयाग स्टेशन से अपनी ट्रेन पकड़नी होगी। बता दें कि प्रयागराज संगम स्टेशन, संगम से सबसे नजदीक है। स्टेशन की कुल क्षमता 1000 से 2000 लोगों की है लेकिन भीड़ ज्यादा होने की वजह से स्टेशन को बंद कर दिया गया है। हालांकि ट्रेनों का परिचालन नहीं रोका गया है।
जवानों की तैनाती बढ़ाई गई
सभी स्टेशनों पर RPF के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों को स्टेशन पर ही रहने के लिए आदेश दिया गया है, जिससे क्राउड मैनेजमेंट हो सके। आज 150 से अधिक स्पेशल ट्रेनों को चलाया जा चुका है। रात तक करीब 200 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
माघ पूर्णिमा 2025
बसंत पंचमी के बाद अब महाकुंभ का अगला प्रमुख स्नान माघ पूर्णिमा के दिन संपन्न होगा। माघ पूर्णिमा के दिन स्नान-दान का खास महत्व होता है। ऐसे में महाकुंभ और माघ पूर्णिमा के शुभ संयोग में स्नान करने से कई गुना अधिक शुभ फलों की प्राप्ति होती है। माघ पूर्णिमा 12 फरवरी 2025 को मनाई जाएगी। इसी दिन प्रयागराज में महाकुंभ का मुख्य स्नान किया जाएगा।
महाशिवरात्रि 2025
महाकुंभ का आखिरी प्रमुख स्नान 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन किया जाएगा। इसी दिन महाकुंभ मेले का समापन भी होगा। महाशिवरात्रि के दिन त्रिवेणी में स्नान करने से अक्षय फलों की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही महादेव भोले शंकर की विशेष कृपा प्राप्त होती है।