Monsoon Session : संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। ये 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान संसद में विपक्ष तमाम मुद्दों पर सरकार को घेर सकता है और भारी हंगामे के आसार हैं। पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, बिहार की वोटर वेरिफिकेशन, सीजफायर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 से ज्यादा बार भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने के दावे को लेकर विपक्ष, सरकार को घेर सकता है। वहीं सरकार का दावा है कि वह विपक्ष के सारे सवालों के जवाब देगी।
तमाम मुद्दों पर सरकार को घेर सकता है विपक्ष
पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, बिहार की वोटर वेरिफिकेशन, सीजफायर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 से ज्यादा बार भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने के दावे को लेकर विपक्ष, सरकार को घेर सकता है।
सार्थक चर्चा का उपराष्ट्रपति ने किया आह्वान
मानसून सत्र को लेकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सार्थक और गंभीर विचार-विमर्श के लिए राजनीतिक दलों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांसद अनुचित शब्दों का प्रयोग करने से बचें। उन्होंने कहा कि हमारे विचारों में मतभेद हो सकते हैं। हमारी असहमतियां हो सकती हैं, लेकिन हमारे दिलों में कड़वाहट नहीं होनी चाहिए।
इस सत्र में 8 बिल होंगे पेश
मोदी सरकार मानसून सत्र में 8 विधेयक (बिल) पेश करने जा रही है। भू-विरासत और पुराने अवशेषों की सुरक्षा से जुड़ा एक अहम बिल भी शामिल है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, भू-विरासत स्थल और भू-अवशेष (संरक्षण और रखरखाव) विधेयक, खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे।
बजट सत्र और मानसून सत्र के बीच में 108 दिन का अंतराल है। इस दौरान बिहार वोटर लिस्ट विशेष गहन पुनरीक्षण, पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर और अहमदाबाद विमान हादसा हो गए। मानसून सत्र के दौरान विपक्ष नेता मोदी सरकार को इन्हीं मुद्दों पर घेरने की कोशिश करेंगे।
कहां है हमलावर आतंकी
22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इसमें 26 भारतीय नागरिकों की हत्या हुई थी। हमले में शामिल आतंकियों का अब तक पता नहीं चला है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार से सवाल पूछेगा।
ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप का बयान
भारत ने 6-7 मई के दरम्यानी रात को पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया। भारत ने इस हमले में ब्रह्मोस मिसाइल का इस्तेमाल किया। भारत पाक के बीच सैन्य संघर्ष को रोकने का क्रेडिट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लेने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद से विपक्ष बार-बार भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाता रहा है। इस ऑपरेशन में भारत को हुए नुकसान की जानकारी मांग रहा है।
एयर इंडिया हादसे की जांच पर सवाल
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर विपक्ष सरकार से सवाल पूछेगी। हादसे की प्ररांभिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद हदसे को लेकर कई थ्योरी सामने आई है। कांग्रेस और बाकी विपक्षी पार्टियां विमान हादसे की जिम्मेदारी पर सवाल उठाएंगी।
बिहार वोटर लिस्ट पर होगी जमकर नोकझोंक
संसद के मानसून सत्र में बिहार विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण मामले में जमकर हंगामा होने के आसार हैं। विपक्ष नेता इसे लेकर पहले ही चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। इस सत्र में वह पीएम मोदी व सरकार से जवाब मांगेंगे।
19 जुलाई को हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक
इससे पहले संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी दल लामबंद हुए। कांग्रेस ने 19 जुलाई को इंडिया ब्लॉक की ऑनलाइन बैठक बुलाई गई। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने इस बैठक का नेतृत्व किया। विपक्ष के नेता इस बार सरकार को चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे बिहार वोटर लिस्ट विशेष गहन पुनरीक्षण, ऑपरेशन सिंदूर, मणिपुर हिंसा, बालासोर आत्मदाह केस और एयर इंडिया विमान हादसे पर घेरने की तैयारी कर रहे हैं।
मॉनसून सत्र का पहला दिन
- संसद सत्र के पहले दिन लगभग 10.15 बजे प्रधानमंत्री कस्टमरी बयान देंगे।
- लोकसभा में इनकम टैक्स बिल पर बनी सेलेक्ट कमेटी अपना रिपोर्ट टेबल करेगी। केंद्र सरकार द्वारा इस बिल को इस सत्र में संसद से पास करवाया जाएगा।
- स्पीकर चैंबर में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी। जिसमें हफ्ते भर के लोकसभा के कामकाज पर चर्चा होगी।
- जस्टिस वर्मा पर महाभियोग की प्रक्रिया को शुरू करने को लेकर इसमें फैसला हो सकता है।
- पिछले 3 महीने में मृत 7 सांसदों और पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
- विपक्ष की तरफ से पहलगाम, ऑपरेशन सिंदूर, डोनाल्ड ट्रंप का बयान, बिहार में SIR जैसे मुद्दों पर हंगामा किया जा सकता है।
विपक्ष के हर सवाल का जवाब देगी सरकार
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बैठक के बाद कहा कि संसद को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार और विपक्ष के बीच समन्वय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर पर ट्रंप के दावों को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दे पर संसद में उचित जवाब देगी। रीजीजू ने जोर देकर कहा कि सरकार नियमों और परंपराओं के अनुरूप संसद में सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए भी पूरी तरह तैयार है।
संसद में बयान दें पीएम मोदी
वहीं कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने बैठक के बाद कहा कि उनकी पार्टी ट्रंप के दावों, उन कमियों जिनके कारण पहलगाम हमला हुआ और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बयान दिए जाने की मांग करती है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यह दायित्व है कि वह इन प्रमुख मुद्दों पर संसद में बयान दें।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने बैठक में बिहार में एसआईआर के कथित चुनावी घोटाले और भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने में मध्यस्थता संबंधी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे का मुद्दा उठाया। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) केवल लोकसभा चुनावों के लिए है और आप विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ रही है।
