* दिया नहीं, खुद बदला था अबू धाबी सेंटर! NEET छात्र मामले में NTA का बड़ा खुलासा, पिता ने दावे को बताया गलत
NEETUG 2026 : देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित हो रही NEET-UG 2026 परीक्षा से पहले नागपुर के एक छात्र को अबू धाबी परीक्षा केंद्र आवंटित होने का मामला सुर्खियों में आ गया था। अब इस पूरे विवाद पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने पहली बार विस्तृत सफाई देते हुए बड़ा खुलासा किया है।
NTA का दावा- ‘सेंटर हमने नहीं दिया, उम्मीदवार ने खुद बदला’
एनटीए के मुताबिक, नागपुर निवासी छात्र अब्दुल्लाह ने आवेदन के दौरान परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा को प्राथमिकता दी थी। हालांकि, करेक्शन विंडो खुलने के बाद उम्मीदवार के रजिस्टर्ड लॉगिन से तीन अलग-अलग बार लॉगिन कर परीक्षा केंद्र बदलकर अबू धाबी (यूएई) चुना गया।
एजेंसी का कहना है कि वेब-एक्टिविटी रिकॉर्ड से यह स्पष्ट होता है कि सेंटर किसी तकनीकी गलती से आवंटित नहीं हुआ, बल्कि उम्मीदवार के लॉगिन से ही बदला गया था।
परीक्षा से 48 घंटे पहले फिर बदला गया सेंटर
एनटीए ने बताया कि 19 जून की शाम छात्र पक्ष की ओर से केंद्र बदलने का अनुरोध मिला। परीक्षा में किसी भी छात्र को परेशानी न हो, इसे देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। छात्र के पिता से संपर्क करने के बाद परीक्षा केंद्र बदलकर नागपुर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, अजनी में आवंटित कर दिया गया।
छात्र के पिता ने NTA के दावे को नकारा
वहीं छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने एनटीए के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। उनका कहना है कि उन्होंने कभी अबू धाबी केंद्र का विकल्प नहीं चुना। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र आवंटन में हुई गड़बड़ी के कारण उनके बेटे को भारी मानसिक तनाव झेलना पड़ा और वह परीक्षा देने को लेकर भी असमंजस में था। हालांकि, नागपुर में केंद्र मिलने के बाद उन्होंने राहत जताई और कहा कि एनटीए के आरोपों का जवाब उचित समय पर देंगे।
अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच हो रही है NEET-UG 2026 परीक्षा
इस बार 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी देश-विदेश के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं। भारत के 551 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों के अलावा विदेशों के 13 देशों के 14 शहरों में भी परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा की निगरानी के लिए 1.38 लाख से अधिक CCTV कैमरे, 51 हजार से ज्यादा जैमर, एआई आधारित मॉनिटरिंग, फेस ऑथेंटिकेशन, बायोमेट्रिक सत्यापन और हजारों ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल, भारतीय वायु सेना और डाक विभाग की भी मदद ली गई है।
क्या विदेशों में भी होती है NEET परीक्षा?
अबू धाबी विवाद के बाद कई लोगों के मन में यह सवाल उठा कि क्या NEET भारत के बाहर भी आयोजित होती है? जवाब है—हाँ। एनटीए विदेशों के 14 शहरों में भी परीक्षा कराता है। इनमें अबू धाबी, दुबई, शारजाह, रियाद, दोहा, मस्कट, कुवैत सिटी, मनामा, सिंगापुर, कुआलालंपुर, बैंकॉक, काठमांडू, कोलंबो और लागोस शामिल हैं।
इन सभी केंद्रों पर परीक्षा भारतीय समय के अनुसार एक साथ आयोजित की जाती है, ताकि पेपर लीक या समय के अंतर का कोई जोखिम न रहे।
अफवाहों से बचने की अपील
एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैल रही पेपर लीक और अन्य भ्रामक खबरों पर विश्वास न करने की अपील की है। एजेंसी का कहना है कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।