Team India: न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीमों का ऐलान, न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट और पहले 3 वनडे में गिल को कप्तानी; 2 वनडे के लिए श्रेयस कैप्टन

Bindash Bol

Team India: न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है. अंतरिम चीफ सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा के नेतृत्व वाली सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी ने 16 अक्टूबर को इन 7 मुकाबलों के लिए 3 स्क्वॉड का ऐलान किया है, जिसमें 2 स्क्वॉड वनडे सीरीज के लिए चुने गए हैं. चोट के बावजूद इस दौरे के लिए स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को चुना गया है. हालांकि दोनों को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी. वहीं वनडे सीरीज के लिए 21 साल के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को पहली बार टीम इंडिया में मौका दिया गया है.

टीम इंडिया का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू हो रहा है, जिसका आगाज 5 टी20 मैच की सीरीज से होगा. इस सीरीज के लिए तो टीम का ऐलान पहले ही हो चुका था. 4 नवंबर से वनडे सीरीज और फिर 19 नवंबर से टेस्ट मैच की सीरीज खेली जाएगी. इन दोनों के लिए ही टीम की घोषणा का इंतजार किया जा रहा था और वो घड़ी भी आ ही गई. सेलेक्शन कमेटी ने 5 मैच की वनडे सीरीज के लिए 2 स्क्वॉड बनाए हैं, जबकि 2 टेस्ट मैच के लिए एक ही स्क्वॉड है और उसमें बहुत बड़े बदलाव नहीं हैं.

हालिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ODI सीरीज और टेस्ट सीरीज के बीच में बेहद कम अंतर होने के कारण आखिरी 2 वनडे मैच के लिए स्क्वॉड में बदलाव होगा. यही हुआ भी है. सेलेक्टर्स ने पहले 3 वनडे मैच के लिए नियमित टीम चुनी है, जिसमें कप्तानी शुभमन गिल ही करेंगे. मगर इसके बाद गिल, केएल राहुल समेत कुछ खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए निकल जाएंगे. ऐसे में चौथे और पांचवें ODI में श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभालेंगे. इन्हीं 2 मुकाबलों के लिए ईशान किशन को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है.

वहीं टेस्ट स्क्वॉड में ज्यादा बदलाव नहीं हैं. सबसे खास नाम इसमें तेज गेंदबाज आकाश दीप का है, जो पूरे एक साल बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं. चोट के चलते बाहर रहे आकाश ने हाल ही में ईरानी कप और फिर रणजी ट्रॉफी मैच से मैदान में वापसी की थी. उनके अलावा तेज गेंदबाज अंशुम कम्बोज की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है. इसी टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज से आराम दिया गया है.

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय स्क्वॉड

पहले 3 ODI मैचों के लिए स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कम्बोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा (फिटनेस पर) और कुलदीप यादव.

चौथे और पांचवें ODI के लिए स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप-कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव.

टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वॉडः

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर- फिटनेस पर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कम्बोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment