* सपा की कैंडिडेट लिस्ट को लेकर गठबंधन में फंसा पेच, इमरान मसूद ने खोला मोर्चा- दो सीटों पर दावा
UP Election 2026 : उत्तर प्रदेश प्रदेश चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई. दोनों के बीच दूसरे दौर की वार्ता हुई है. बैठकों के बीच कहा जा रहा है कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें ऑफर की हैं. हालांकि कांग्रेस इससे सहमत नहीं है. यूपी कांग्रेस के सह-अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद का बड़ा बयान सामने आया है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से पार्टी को 26 सीटों की पेशकश पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हम किसी से चीज भीख नहीं मांग रहे हैं. बातचीत में कहा,‘मुझे नहीं पता कि वे (समाजवादी पार्टी) यह पेशकश कब कर रहे हैं. मैं किसी से किसी चीज के लिए भीख नहीं मांग रहा हूं.’
समझौते की शर्त सम्मानजनक होनी चाहिए- कांग्रेस
इमरान मसूद ने यह भी कहा कि सीटें ‘मांगने’ और ‘सहयोग’ करने में फर्क होता है. उन्होंने कहा, ‘गठबंधन में आपको कुछ भी मांगने की जरूरत नहीं होती. गठबंधन के भीतर, यह आपसी सहयोग की बात होती है. हम अंदर बैठकर इस पर चर्चा करेंगे. उम्मीद है कि आज सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो जाना चाहिए.’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा-कांग्रेस के बीच सीट-शेयरिंग को लेकर कहा, ‘हम कोशिश करेंगे कि समझौता हो जाए और एक सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक समझौता बने.’
समाजवादी पार्टी ने क्या कहा?
उधर, समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘बैठक में जो कुछ भी कहना था, वह हमने कल कह दिया. मैंने उन्हें अपनी 26 सीटें दे दी हैं और आज हम फिर से बातचीत करने जा रहे हैं.’
कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत से पहले समाजवादी पार्टी की नेता इकरा हसन और सांसद अवधेश प्रसाद मंगलवार सुबह पार्टी नेता राम गोपाल यादव के आवास पर पहुंचे. उन्होंने कहा, जब सीट-शेयरिंग पर चर्चा होगी, तो कुछ प्रस्ताव उनकी तरफ से आएंगे और कुछ प्रस्ताव हम अपनी तरफ से रखेंगे. बातचीत इसी तरह आगे बढ़ेगी.
इकरा हसन ने कहा, ‘अब तक चर्चा सार्थक और सकारात्मक रही है. दोनों पार्टियों का नेतृत्व, हम सभी के साथ मिलकर, अंतिम फैसला लेगा. बातचीत अभी शुरू ही हुई है और मुझे लगता है कि इसमें एक-दो दिन और लगेंगे. बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. उनके पास कुछ प्रस्ताव हैं, और हम भी बातचीत के दौरान अपने प्रस्ताव रखेंगे. इसके बाद, अगले एक-दो दिनों में सब कुछ साफ हो जाना चाहिए.’
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, सीट बंटवारे पर कोई विवाद नहीं है. सब कुछ आसानी से सुलझा लिया जाएगा.
इमरान मसूद ने खोला मोर्चा- दो सीटों पर दावा
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अभी तय भी नहीं हुआ था कि सपा ने 5 सीटों पर उम्मीदवार उतार कर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है. जिन पांच सीटों पर अखिलेश यादव ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं उनमें सहारनपुर की दो सीटें है. पहली बेहट और दूसरी सहारनपुर विधानसभा है. सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवार उतारे जाने के बाद यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद नाराज हो गए. उनकी नाराजगी के पीछे वजह ये है कि वो खुद सहारनपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं.
सूत्रों के मुताबिक, बेहट और सहारनपुर में सपा द्वारा उम्मीदवार घोषित करने के एकतरफा फैसले पर इमरान मसूद ने कहा कि ये गठबंधन धर्म का पालन नहीं है. वे इस बारे में कांग्रेस आलाकमान से बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सहारनपुर की पांचों विधानसभा सीटों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
इमरान मसूद, बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने पर अड़े हैं. इस बीच उन्होंने अखिलेश यादव के 26 सीट के साथ किए ट्वीट को लेकर भी नाराजगी जताई है. इमरान मसूद ने साफ कहा कि सपा को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सीधा जवाब दिया जाएगा. अभी वह कांग्रेस आलाकमान का इंतजार कर रहे हैं. उसके बाद अपना रूख सार्वजनिक करेंगे.