Varanasi Air Show: PM मोदी 6 घंटे काशी में, एयर शो देखेंगे… 7 किमी का रोड शो, कपड़ा यूनिट का शुभारंभ; 100 विमान करतब दिखाएंगेवाराणसी में हाई अलर्ट

Bindash Bol

Varanasi Air Show : काशी में आज रविवार, 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आखिरी दिन है. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:50 बजे होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 1 बजे नमो घाट पहुंचेंगे. उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे. प्रधानमंत्री करीब छह घंटे वाराणसी में रहेंगे. इसके बाद वह भुवनेश्वर रवाना होंगे.

राफेल-सुखोई समेत 100 विमान दिखाएंगे हवाई करतब

एयर शो में कुल 100 विमान हिस्सा लेंगे. इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान शामिल हैं. राफेल, सुखोई-30, तेजस, जगुआर, मिराज-2000 और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमान आसमान में करतब दिखाएंगे. विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भरने के साथ अचानक मुड़ने और गोल चक्कर लगाने जैसे करतब करेंगे. तीन एमआई-17 वी-5 हेलिकॉप्टर ‘V’ आकार में तिरंगा और वायुसेना का ध्वज लेकर उड़ेंगे. सारंग और सूर्य किरण टीमें भी प्रदर्शन करेंगी.

मोदी करेंगे 7 किलोमीटर का रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद मिर्जामुराद के पास खोचवां गांव में अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन करेंगे. करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस इकाई में लगभग 1,000 महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है. यहां स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट बनाए जाएंगे. इसके बाद मोदी पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर का रोड शो करेंगे. रास्ते में समर्थक फूल बरसाकर उनका स्वागत करेंगे.

11,900 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

एयर शो के लिए वाराणसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, 11,900 पुलिसकर्मी और 79 अस्थायी पुलिस थाने सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. घाटों पर डबल बैरिकेडिंग की गई है. 25 वॉच टावर, एंटी-ड्रोन सिस्टम और नदी में सुरक्षा बल तैनात रहेंगे. पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्ते भी अलर्ट हैं.

आम लोग 30 घाटों से देख सकेंगे एयर शो

नमो घाट वीआईपी के लिए आरक्षित रहेगा. आम लोग काशी के 20 घाटों और गंगा के दूसरी ओर बने 10 घाटों से एयर शो देख सकेंगे. सुरक्षा के कारण वाराणसी कमिश्नरेट क्षेत्र में ड्रोन, गुब्बारे, पतंग और पैराग्लाइडर के इस्तेमाल पर 30 अक्टूबर तक रोक है. पक्षियों से विमानों की सुरक्षा के लिए नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री और कटाई पर भी 26 अक्टूबर तक रोक लगाई गई है.

Share This Article
Leave a Comment