Jharkhand : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का उलिहातू दौरा, खूंटी में हाई अलर्ट

Sushmita Mukherjee

* उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रांची आ रहे:आईआईएम के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल, खूंटी में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि

Jharkhand : भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रांची दौरे पर रहेंगे, जहां वे भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में कुल 558 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जबकि सात मेधावी छात्रों को मेडल और उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहेंगे। दीक्षांत समारोह का पहला सत्र दोपहर तीन बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न प्रबंधन पाठ्यक्रमों के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।

उलिहातू में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि

उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर से खूंटी जिले के उलिहातू जाएंगे। यहां वे भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही उनके वंशजों से मुलाकात कर संवाद भी करेंगे। प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी कर उलिहातू और आसपास के क्षेत्रों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

दीक्षांत समारोह में मेधावियों को मिलेगा सम्मान

आईआईएम रांची में आयोजित इस समारोह में सत्र 2024-26 के पांच टॉपर्स—एमबीए, एमबीए-बीए, एमबीए-एचआरएम, एमबीए-एग्जीक्यूटिव (समर) और एमबीए-एग्जीक्यूटिव (विंटर) को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा दो छात्रों को स्टूडेंट सिटीजनशिप अवॉर्ड और प्रो आशीष हाजेला अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति संस्थान द्वारा विकसित देश के पहले बी-स्कूल वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का भी उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम से पहले वे राजभवन में लंच करेंगे और फिर आईआईएम पहुंचेंगे।

ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, कई रास्तों पर प्रतिबंध

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रांची शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक शहर में बड़े और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कई प्रमुख चौक-चौराहों—हिनू, बिरसा चौक, अरगोड़ा, किशोरगंज, न्यू मार्केट, एटीआई मोड़ सहित अन्य इलाकों में वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

भारी वाहनों को रिंग रोड के माध्यम से गंतव्य तक जाने की अनुमति दी गई है। जमशेदपुर और बंडू की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर रांची और खूंटी में पांच आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment