* उपराष्ट्रपति के रांची दौरे के कारण आज यातायात व्यवस्था बदली।
* सुबह 9 से शाम 7 बजे तक कई मार्गों पर प्रतिबंध।
* नागरिकों से यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान जानने की अपील।
Ranchi Traffic : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च के प्रस्तावित रांची दौरे को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वीआईपी मूवमेंट, एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षित आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर अस्थायी प्रतिबंध रहेगा।
सुबह 9 से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री
पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय के निर्देशानुसार सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक रांची शहर में बड़े और छोटे मालवाहक वाहन, बसें और अन्य वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड समेत आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से बचते हुए रिंग रोड का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है।
जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक पूरी तरह रोका जाएगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है या कुछ समय के लिए पूरी तरह रोका भी जा सकता है। रांची से खूंटी और कांके की ओर जाने वाले वाहनों को रिंग रोड के रास्ते भेजा जाएगा, जबकि शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे।
प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी
हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, कचहरी चौक, होटल चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़ और राधाकृष्ण चौक समेत शहर के अहम इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जरूरत पड़ने पर इन क्षेत्रों में ऑटो, ई-रिक्शा और सवारी वाहनों की आवाजाही पर भी अस्थायी रोक लगाई जा सकती है।
रामपुर चौक तक बड़े वाहनों की एंट्री बंद
नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक तक बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले वाहनों को रिंग रोड से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक और टाटीसिलवे होते हुए रिंग रोड मार्ग से भेजे जाएंगे।
खूंटी रोड पर भी रहेगा प्रतिबंध
खूंटी रोड स्थित ओटीसी से सदाबहार चौक के बीच बसों, बड़े वाहनों और सवारी गाड़ियों के परिचालन पर भी रोक लागू रहेगी। प्रशासन ने साफ किया है कि आकस्मिक सेवा वाहनों को सभी प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। शहर के हर प्रमुख प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहेंगी ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी प्रकार की बाधा या जाम की स्थिति न बने।
आज रांची में निकलने से पहले रूट प्लान जरूर जांच लें, वरना जाम में फंस सकते हैं।
