Weather Alert : बारिश, ओले और तूफान से बदलेगा मौसम का मिजाज! इस हफ्ते मौसम दिखाएगा कई रंग

Bindash Bol

Weather Alert : उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में मौसम विभाग ने इस हफ्ते छिटपुट से लेकर भारी बारिश और गरजे के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है. संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान उत्तर-पश्चिमी, मध्य और उससे सटे पूर्वी भारत में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

देशभर में इस समय मौसम का मिजाज बदला हुआ है. IMD के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में एक साथ कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से आंधी, बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि जैसी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है.

बारिश का अलर्ट :  झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में होगी बारिश

इसके प्रभाव से हिमालयी राज्यों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है. पूर्वी भारत में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. दक्षिण गंगा बेसिन, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण इन राज्यों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ क्षेत्रों में हवाओं की गति 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कहीं-कहीं यह 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी हो सकती है.

चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिणी असम के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके चलते असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी आंधी और बारिश के आसार हैं.

मानसून कब पहुंचेगा केरलम?

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और अगले एक-दो दिनों में मानसून केरलम पहुंच सकता है. साथ ही 3 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे 3 से 5 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना रहेगी.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment