Jharkhand Andolan : मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े झारखंड आंदोलनकारी, मोरहाबादी में पुलिस ने रोका, रांची में सुरक्षा का कड़ा घेरा

Sushmita Mukherjee

Jharkhand Andolan : रांची की सड़कों पर बुधवार सुबह उस समय माहौल गर्म हो गया जब झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आंदोलनकारी अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास घेरने निकल पड़े। पहचान, सम्मान, पेंशन और आंदोलनकारियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग रहे प्रदर्शनकारियों ने मोरहाबादी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया।

मोरहाबादी बना आंदोलन का केंद्र

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्षों से उनकी मांगें फाइलों में दबी हुई हैं और सरकार सिर्फ आश्वासन दे रही है। इसी नाराजगी के बीच आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करने का ऐलान किया था। जैसे ही भीड़ आगे बढ़ने लगी, पुलिस और प्रशासन ने मोरहाबादी क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद आंदोलनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मुख्यमंत्री आवास के चारों ओर सुरक्षा का अभेद्य घेरा

आंदोलन की घोषणा के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों को सुरक्षा छावनी में तब्दील कर दिया गया। मोरहाबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक के प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं।

किसी भी स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी

प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स, जैप, एसआईआरबी समेत कई सुरक्षा इकाइयों को तैनात किया है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर, विशेष वाहन और आंसू गैस दस्ते को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अप्रिय स्थिति से सख्ती और सतर्कता के साथ निपटा जाए।

सरकार पर बढ़ा दबाव

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। दूसरी ओर प्रशासन प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की कोशिश में जुटा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन आंदोलनकारियों के तेवर और सरकार पर बढ़ता दबाव आने वाले दिनों में इस मुद्दे को और गरमा सकता है।

Share This Article
Leave a Comment