IAF Crash: असम के जोरहाट में शनिवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का विमान AN-32 हादसे का शिकार हो गया. इस घटना में वायुसेना के 5 जवान शहीद हो गए. ये हादसा तब हुआ जब विमान लैंड करने की कोशिश कर रहा था. IAF के मुताबिक, को-पायलट का इलाज चल रहा है. वायुसेना ने क्रैश की वजह का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं.
इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शहीद हो गए. भारतीय वायुसेना ने कहा कि ड्यूटी के दौरान इन जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है. वायुसेना ने आधिकारिक बयान में कहा कि वह शहीद जवानों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती है और दुख की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है.
भारतीय वायु सेना की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर भारतीय वायु सेना के AN-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट का एक्सीडेंट हो गया है. वायुसेना के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब विमान एयरबेस पर उतरने की कोशिश कर रहा था. घटनास्थल पर बचाव का काम जारी है.
यह एयरक्राफ्ट AN-32 कार्गो प्लेन था, जिसका इस्तेमाल सामान पहुंचाने के लिए किया जाता था. यह हादसा तब हुआ जब एयरक्राफ्ट एयरबेस पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था. IAF ने कहा कि घटना स्थल पर बचाव और जांच का काम चल रहा है. जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पूर्वोत्तर में भारतीय वायु सेना के प्रमुख ठिकानों में से एक है. ये असम और इस पूरे क्षेत्र में हवाई अभियानों में अहम भूमिका निभाता है.