LPG Supply : केंद्र सरकार ने इंडस्ट्रियल और कमर्शियल LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए नॉन-डॉमेस्टिक पैक्ड LPG की सप्लाई पर लगी सभी सेक्टर-वार पाबंदियां हटा दी हैं। इसके साथ ही, पश्चिम एशिया संकट के दौरान सीमित की गई बल्क LPG सप्लाई को भी आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है। सरकार ने बल्क LPG की उपलब्धता को संकट से पहले के खपत स्तर के 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला लिया है, जिससे उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलेगी।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, यह निर्णय LPG सप्लाई की स्थिति में हालिया सुधार और आयातित LPG कार्गो की बेहतर उपलब्धता को देखते हुए लिया गया है। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के दौरान घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त LPG उपलब्ध कराने के लिए केंद्र ने Essential Commodities Act के तहत विशेष आदेश जारी किए थे। इसके तहत C3-C4 स्ट्रीम को पेट्रोकेमिकल और अन्य औद्योगिक उपयोगों से हटाकर LPG उत्पादन में लगाया गया था।
अब घरेलू LPG उत्पादन और आयात दोनों में स्थिति बेहतर होने के कारण सरकार ने C3-C4 स्ट्रीम के उपयोग में लगाई गई सख्ती को भी धीरे-धीरे कम करने का फैसला किया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था इस तरह लागू की जाएगी कि घरेलू LPG की उपलब्धता प्रभावित न हो और देश में प्रतिदिन कम से कम 40 हजार मीट्रिक टन LPG उत्पादन बना रहे।
सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की आपूर्ति सामान्य होने और आयातित कार्गो की नियमित उपलब्धता के चलते अस्थायी प्रतिबंधों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। इस फैसले से इंडस्ट्री, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को ईंधन की बेहतर और सुगम आपूर्ति मिल सकेगी।