Jharkhand : रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और सवारी वाहन की टक्कर में बैंड पार्टी के 7 लोगों की मौत, एक गंभीर
Jharkhand : झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो (NH-23) मार्ग पर कोयला लदे एक ट्रक और सवारी वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बैंड-ताशा पार्टी के 7 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
कार्यक्रम से लौट रही थी बैंड पार्टी
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 12 बजे हुआ। सवारी वाहन में बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य किसी कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लारी इलाके के पास सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया।
गांव में पसरा मातम
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में रजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमर्चा गांव के निवासी भी शामिल हैं। एक साथ सात लोगों की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
दुर्घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। लगातार हो रहे सड़क हादसों से नाराज लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ आलोक रंजन, रजरप्पा थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। प्रशासन लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराने में जुटा रहा।

चार दिनों में 10 मौतें, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लारी-बरलौंग के पास का यह हिस्सा लंबे समय से सड़क हादसों का ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। पिछले चार दिनों में इसी इलाके में 10 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन अब तक सड़क सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने इस स्थान को आधिकारिक तौर पर ब्लैक स्पॉट घोषित करने, स्पीड कंट्रोल, डिवाइडर, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, चेतावनी संकेतक और भारी वाहनों की सख्त निगरानी की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
रामगढ़ पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में सात लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड से आने की आशंका जताई गई है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।