XiJinping : एपेक सम्मेलन में शामिल होने के लिए चीन के शेनझेन पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगवानी के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग खुद एयरपोर्ट पहुंचे. 2013 में राष्ट्रपति बनने के बाद यह पहला मौका है, जब जिनपिंग किसी विदेशी मेहमान की अगवानी के लिए खुद एयरपोर्ट पहुंचे हैं. ऐसा कर उन्होंने 13 साल से चले आ रहे प्रोटोकॉल को तोड़ दिया है. ट्रंप पहले ऐसे मेहमान हैं, जिनके लिए जिनपिंग ने यह प्रोटोकॉल तोड़ा है. दिलचस्प बात यह है कि इसी साल मई में जब ट्रंप चीन आए थे, तब जिनपिंग उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट नहीं पहुंचे थे.
समाचार एजेंसी Xinhua के मुताबिक एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान दोनों नेताओं में गर्मजोशी देखी गई. दोनों एपिक सम्मेलन के प्लेनरी सेशन में बैठेंगे. इसके बाद अलग-अलग वार्ता करेंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक आखिरी बार 2009 में जिनपिंग किसी विदेशी मेहमान के स्वागत में एयरपोर्ट गए थे. उस वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबमा को लेने जिनपिंग एयरपोर्ट गए थे.
जिनपिंग ने ट्रंप के लिए क्यों तोड़ा प्रोटोकॉल?
1. सितंबर 2026 में शी जिनपिंग अपनी पत्नी के साथ अमेरिका गए थे. जिनपिंग को अमेरिका में एयरपोर्ट से हॉल तक ले जाने के लिए खुद राष्ट्रपति ट्रंप पहुंचे थे. उनके साथ पत्नी मेलेनिया भी थी. आमतौर पर ट्रंप भी किसी विदेशी मेहमान को लाने के लिए एयरपोर्ट नहीं जाते हैं. माना जा रहा है कि इसी को देखते हुए जिनपिंग भी इस बार ट्रंप को लाने एयरपोर्ट गए. ट्रंप ने इसके लिए जिनपिंग को धन्यवाद भी दिया है.
2. इस बार ट्रंप का चीन आना काफी अहम माना जा रहा है. इसके 3 कारण हैं. पहला, ट्रंप और पुतिन के साथ जिनपिंग रूस-यूक्रेन युद्ध पर बात करेंगे. दूसरा ईरान युद्ध खत्म करने को लेकर भी तीनों नेता बात करेंगे. तीसरा, उत्तर कोरिया के किम जोंग उन से ट्रंप बात करेंगे. किम और ट्रंप के बीच बातचीत कराने चीन अहम भूमिका निभा रहा है.
3. सालों बाद रूस, चीन और अमेरिका के सर्वोच्च नेता मिल रहे हैं. तीनों का मकसद विश्व ऑर्डर को बदलना है. इसके लिए ट्रंप का सहमत होना काफी अहम है. क्योंकि, रूस और चीन कई मुद्दों पर एक साथ सहमत है. जिनपिंग ट्रंप को भी रिझाने में जुटे हैं.
APEC सम्मेलन क्या है?
इसका पूरा नाम
एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन समिट है. इस बार चीन के शेनझेन में इसका आयोजन हो रहा है. इसमें चीन, अमेरिका और रूस समेत 21 देश शामिल हैं. एपेक की मीटिंग में शामिल होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इसमें परमाणु हथियारों पर भी बात करेंगे.
हाल ही में यह खबर आई थी कि चीन काफी तेजी से परमाणु हथियार तैयार कर रहा है. अमेरिका ने इस पर चिंता जताई थी.