Weather Alert : देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले पांच दिनों तक राजधानी दिल्ली समेत उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
दिल्ली में 6 जुलाई तक बदला रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 1 से 6 जुलाई तक मौसम सुहाना लेकिन चुनौतीपूर्ण बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। 1 जुलाई के लिए IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान करीब 37°C और न्यूनतम 28°C रहने का अनुमान है।
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में आंधी-तूफान
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 1 से 6 जुलाई तक बारिश के साथ तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। 2 से 6 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
पूर्वी राजस्थान में 1 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि 2 से 6 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान में 3 से 6 जुलाई तक बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय रहेगा। पश्चिमी यूपी में 1 से 6 जुलाई और पूर्वी यूपी में 3 से 6 जुलाई के बीच बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ों पर भारी बारिश का हाई अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में 2 से 4 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य भारत में भी मानसून का असर
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 6 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
पूर्वी भारत में भी बारिश जारी
झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी अगले कई दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। झारखंड में 6 जुलाई तक और बिहार में 2 से 6 जुलाई के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली गिरने और जलभराव की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।