Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव में BJP का बड़ा बदलाव, नामांकन के अगले दिन अभिषेक कुमार ने वापस ली उम्मीदवारी, नीरज कुमार सिन्हा बने नए प्रत्याशी

Bindash Bol

Bankipur Bypoll: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा बदलाव किया है। पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने नामांकन दाखिल करने के महज एक दिन बाद अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। उनके इस फैसले से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
दिलचस्प बात यह है कि नामांकन के दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने अभिषेक कुमार को जीत का आशीर्वाद दिया था। BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी उनकी निर्णायक जीत का भरोसा जताया था। लेकिन अगले ही दिन अभिषेक के चुनाव मैदान से हटने के फैसले ने सभी को चौंका दिया।

नीरज कुमार सिन्हा होंगे BJP के नए उम्मीदवार

अभिषेक कुमार के नाम वापस लेने के बाद BJP ने नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नया उम्मीदवार घोषित कर दिया। अभिषेक ने BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर निजी और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने की जानकारी दी।

अभिषेक कुमार ने बताई नाम वापसी की वजह

पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक कुमार ने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए एनडीए उम्मीदवार बनाया था, जिसके लिए वह केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आभारी हैं। हालांकि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह चुनाव नहीं लड़ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे भी BJP के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा करते रहेंगे।

कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?

1 जुलाई 1994 को पटना में जन्मे नीरज कुमार सिन्हा स्नातक (बी.ए.) तक शिक्षित हैं। वह लंबे समय से BJP संगठन से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2006 में पार्टी से जुड़ने के बाद उन्होंने बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष और दो बार मंडल अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में भी वह नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष हैं।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

बांकीपुर विधानसभा सीट BJP नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। दूसरी ओर, जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। ऐसे में प्रत्याशी बदलने के बाद बांकीपुर का चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।

Share This Article
Leave a Comment