Narendra Modi : NEET पेपर लीक मुद्दे पर CJP प्रदर्शनकारियों और केंद्र सरकार के बीच शनिवार को एक बार फिर अहम बैठक होने जा रही है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन वीडियो संदेश जारी कर देश के युवाओं, खासकर GenZ, से सीधे संवाद किया। उन्होंने पहले वीडियो पर मिले जबरदस्त समर्थन और सकारात्मक सुझावों के लिए युवाओं का आभार व्यक्त किया।
24 घंटे में 30 करोड़ से ज्यादा व्यूज, बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री मोदी का गुरुवार को इंस्टाग्राम पर साझा किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर नया इतिहास रच चुका है। इस वीडियो को महज़ 24 घंटे के भीतर 303 मिलियन (30.3 करोड़) से अधिक बार देखा गया, जो इंस्टाग्राम पर 24 घंटे में सबसे ज्यादा व्यूज पाने वाला वीडियो बन गया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड मशहूर अमेरिकी स्ट्रीमर IShowSpeed के नाम था, जिनके वीडियो को 300 मिलियन व्यूज मिले थे। खबर लिखे जाने तक पीएम मोदी के वीडियो के व्यूज 322 मिलियन (32.2 करोड़) के पार पहुंच चुके थे।
लगातार दूसरे दिन GenZ से किया संवाद
रिकॉर्डतोड़ सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक और वीडियो शेयर किया। लगभग 40 सेकंड के इस वीडियो में उन्होंने युवाओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सुझाव और समर्थन आगे भी उन्हें प्रेरित करते रहेंगे।
PM मोदी ने कहा,
“थैंक्यू फ्रेंड्स… कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मेरे वीडियो को जिस तरह आपने रिस्पॉन्ड किया और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। आपका यह प्यार बना रहेगा और हमारा जुड़ाव आगे भी और मजबूत होता रहेगा। थैंक्यू दोस्तों।”
पहले वीडियो से अलग दिखा नया अंदाज
दूसरे वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी का अंदाज पहले की तुलना में काफी सहज और अनौपचारिक नजर आया। पहले वीडियो में जहां उनका चेहरा कैमरे के बेहद करीब था और वे गंभीर मुद्रा में दिखे थे, वहीं नए वीडियो में उन्होंने मोबाइल कैमरे को थोड़ा दूर रखा, मुस्कुराते हुए बातचीत की और संदेश समाप्त होने के बाद खुद कैमरा बंद करते भी दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री मोदी का यह नया डिजिटल संवाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और खासकर युवा वर्ग के बीच व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है।