Ram Mandir : संसद में ‘दान पात्र’ ड्रामा! संत बने पप्पू यादव, डिंपल ने रखी दान पेटी, राहुल गांधी ने डाला चंदा… फिर जेब में रख लिए पैसे

Bindash Bol

Ram Mandir : संसद का मानसून सत्र शुक्रवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब विपक्ष ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर बेहद नाटकीय अंदाज में प्रदर्शन किया। संसद परिसर में दान पेटी, संत का वेश और चढ़ावे का प्रतीकात्मक प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव संत का वेश धारण कर संसद के मकर द्वार पहुंचे। उनके सामने समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने एक ‘दान पात्र’ रख दिया। कुछ ही देर बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई सांसद उस दान पेटी में पैसे डालने पहुंचे।

लेकिन असली संदेश तब सामने आया, जब पप्पू यादव ने दान पेटी में पड़े पैसे निकालकर अपनी जेब में रख लिए। इसके जरिए विपक्ष ने दावा किया कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे के साथ भी कथित तौर पर ऐसा ही हुआ। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने ‘चढ़ावा चोर’ और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाकर सरकार पर निशाना साधा।

‘राम मंदिर के चढ़ावे पर संसद में हो चर्चा’

विपक्ष का कहना है कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी देश का बड़ा मुद्दा है और सरकार इस पर जवाब देने से बच रही है। इसलिए संसद में इस मामले पर तत्काल चर्चा कराई जाए और दोषियों की जवाबदेही तय की जाए।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है और वहां श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई संसद से लेकर जनता के बीच तक जारी रहेगी।

धर्मेंद्र यादव का बड़ा आरोप

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं से दान लेने के बावजूद उन्हें रसीदें नहीं दी गईं। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी कैमरों में कई संदिग्ध घटनाएं रिकॉर्ड हुईं, लेकिन बाद में पुराना फुटेज हटा दिया गया। उनका आरोप था कि मंदिर निर्माण ट्रस्ट बनने के बाद से चढ़ावे में बड़े स्तर पर गड़बड़ियां हुईं और इस पैसे का फायदा बीजेपी, आरएसएस तथा विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों को पहुंचा। उन्होंने इस पूरे मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग दोहराई।

इसी प्रदर्शन के दौरान विपक्ष ने छात्र आंदोलनों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment