Assembly bypoll results : बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन अहम विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज (सोमवार) सामने आएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और इन तीन सीटों के नतीजे सिर्फ उम्मीदवारों की जीत-हार ही नहीं, बल्कि कई बड़े राजनीतिक संदेश भी देंगे।
बांकीपुर: प्रशांत किशोर की सबसे बड़ी परीक्षा
बिहार की बांकीपुर सीट पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी हैं। यहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सीधे भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा से मुकाबले में हैं। यह चुनाव प्रशांत किशोर की राजनीतिक स्वीकार्यता की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
यह सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी। बांकीपुर लंबे समय से भाजपा का गढ़ रही है, लेकिन इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक के साथ-साथ नाराज मतदाताओं को भी साधने की कोशिश की है।
दतिया: BJP के फैसले पर जनता की मुहर?
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है। पार्टी ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था। इस फैसले के बाद पार्टी में नाराजगी भी देखने को मिली, हालांकि बाद में नरोत्तम मिश्रा ने खुद प्रचार की कमान संभाली।
अब नतीजे बताएंगे कि भाजपा का यह दांव कितना सफल रहा और संगठन की रणनीति पर जनता ने क्या फैसला सुनाया।
मांजलपुर: गुजरात में सीधा BJP बनाम कांग्रेस मुकाबला
गुजरात के मांजलपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। भाजपा ने सतीश पटेल, जबकि कांग्रेस ने भीखाभाई रबारी को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट भाजपा विधायक योगेशभाई नारनदास पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी। आम आदमी पार्टी के मैदान में नहीं होने से मुकाबला पूरी तरह दो दलों के बीच सिमट गया है।
मतदान प्रतिशत भी बना चर्चा का विषय
दतिया (मध्य प्रदेश): 71.44% — सबसे ज्यादा मतदान
मांजलपुर (गुजरात): 37.50%
बांकीपुर (बिहार): 34.30% — सबसे कम मतदान
अब सबकी निगाहें मतगणना पर हैं। इन तीन सीटों के नतीजे आने वाले महीनों की राजनीतिक रणनीतियों और दलों के आत्मविश्वास पर भी असर डाल सकते हैं।