Jharkhand : JPSC में इस्तीफों की झड़ी, चेयरमैन के बाद 3 सदस्यों ने भी छोड़ा पद

Bindash Bol

* परीक्षा धांधली की जांच के बीच बड़ा प्रशासनिक झटका, CID के समन के बाद बढ़ी हलचल

Jharkhand : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आयोग के शीर्ष पदाधिकारी भी जांच के घेरे में आते दिख रहे हैं। पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के इस्तीफे के बाद अब आयोग के तीन संवैधानिक सदस्यों ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

JPSC की सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद ने अपने पदों से त्यागपत्र दिया है। राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने तीनों के इस्तीफे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिए हैं।

CID के समन के बीच इस्तीफे से बढ़ी हलचल

JPSC की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच CID की विशेष टीम कर रही है। जांच के दौरान OMR शीट में कथित छेड़छाड़, अयोग्य अभ्यर्थियों को पास कराने और चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी जैसे गंभीर आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
इसी सिलसिले में CID ने आयोग के तीनों सदस्यों को पूछताछ के लिए अलग-अलग तारीखों पर समन जारी किया था। डॉ. अजिता भट्टाचार्य से सोमवार को पूछताछ होनी है। समन जारी होने के तुरंत बाद तीनों सदस्यों के इस्तीफे ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

पहले चेयरमैन, अब तीन सदस्य

इससे पहले JPSC के तत्कालीन अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते के कार्यालय और निजी आवास पर CID ने छापेमारी की थी। जांच का दायरा बढ़ने और लगातार कार्रवाई के बीच खियांग्ते ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राजभवन ने स्वीकार कर लिया।

जांच एजेंसी इस पूरे मामले में परीक्षा आयोजित कराने वाली निजी प्रिंटिंग एजेंसी, कथित बिचौलियों और चयन प्रक्रिया से जुड़े लोगों के बीच संभावित गठजोड़ की भी जांच कर रही है।

JPSC पर उठे सवाल, जांच के केंद्र में पूरी चयन प्रक्रिया

एक के बाद एक शीर्ष पदाधिकारियों के इस्तीफे और CID की कार्रवाई ने JPSC की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कथित परीक्षा धांधली की जांच किस मुकाम तक पहुंचेगी और इसमें जिम्मेदारी तय होने पर किन-किन लोगों पर कार्रवाई होगी।
चेयरमैन के बाद तीन सदस्य बाहर… अब JPSC की जांच में अगला नंबर किसका?

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment