* अल-कायदा की खुली धमकी: फ्लाईदुबई विमान को क्रैश करने का नापाक प्लान फेल होने के बाद आतंकी संगठन ने अमेरिकी और इजरायली विमानों पर हमलों की खुली चेतावनी
* भारतीय पायलट का शौर्य: भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने कॉकपिट के भीतर गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद असाधारण सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए 180 यात्रियों की जान बचाई
* नेतन्याहू का आमंत्रण: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल के अगले स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया
Al Qaeda : हाल ही में दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) को हाईजैक करने की बड़ी साजिश सामने आई थी। ओमान के को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने प्रार्थना के बहाने कॉकपिट के अंदर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला कर दिया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, हम्मामी का मकसद सिर्फ विमान को कब्जे में लेना नहीं था, बल्कि अमेरिका में हुए 9/11 हमलों की तर्ज पर विमान को सीधे इजरायल की जमीन पर क्रैश कराना था। हालांकि, कैप्टन मच्छार की जांबाजी ने इस बड़ी त्रासदी को टाल दिया। आतंकी पायलट के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर ओसामा बिन लादेन और अयमान अल-जवाहिरी जैसे आतंकवादियों से जुड़े कॉन्टेंट मिले हैं, जिससे उसकी कट्टरपंथी सोच का खुलासा हुआ है।
”हम अब जांच कर रहे हैं कि क्या उसे भेजा गया था, और जिसने भी उसे भेजा है उसे बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।” — बेंजामिन नेतन्याहू, प्रधानमंत्री, इजरायल
कैप्टन स्मित मच्छार की जुबानी: कॉकपिट के वे डरावने पल
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार ने उन खौफनाक पलों को याद किया जब उन पर पीछे से हमला हुआ पल…
* अचानक हमला: उड़ान सामान्य थी और को-पायलट ने प्रार्थना करने की बात कही थी। सम्मान के तौर पर जब कैप्टन सामने देख रहे थे, तभी उन पर सिर के पीछे जोरदार वार किया गया।
* अंतिम सांस तक संघर्ष: शुरुआती हमलों से गंभीर रूप से घायल और धुंधले दिख रहे कैप्टन मच्छार ने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा, “मेरे अंदर एक आखिरी कोशिश की ताकत बची थी। अगर मैं कुछ नहीं करता, तो मेरी मौत तय थी।”
* दरवाजा खोलकर बचाई जान: अपनी बची-खुची ताकत का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद बाहर मौजूद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने तुरंत स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया।
वैश्विक सराहना और अल-कायदा की बौखलाहट
इस नापाक साजिश के नाकाम होने के बाद, अल-कायदा समर्थित साप्ताहिक प्रकाशन ‘अल-बयान’ ने धमकी दी है कि “युद्ध खत्म नहीं हुआ है और आसमान में उड़ रहे पश्चिमी व इजरायली विमानों को निशाना बनाया जा सकता है।”
दूसरी ओर, दुनिया भर में भारतीय पायलट की वीरता की सराहना हो रही है। पीएम नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को “भारत, इजरायल और पूरी दुनिया का हीरो” करार दिया है। नेतन्याहू ने कहा कि कैप्टन ने न केवल ढेरों जानें बचाई हैं, बल्कि दुनिया के सामने यह भरोसा भी फिर से कायम किया है कि बहादुरी से हर बुराई का मुकाबला किया जा सकता है।
