* अर्जुन मुंडा की मां का निधन, कई महीनों से चल रही थीं बीमार, टाटा मोटर्स अस्पताल में ली अंतिम सांस
Arjun Munda Mother Passes Away : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय तीरंदाजी संघ (AAI) के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा की माताजी का निधन हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी।
अर्जुन मुंडा ने अपने पोस्ट में मां को खोने के दुख को व्यक्त करते हुए लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।” उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनकी माताजी का अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा।
अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा
अर्जुन मुंडा ने अपनी मां के निधन पर गहरा दुख जताते हुए बताया कि उनकी पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार आज दोपहर में ही किया जाएगा। अर्जुन मुंडा की मां के निधन की खबर से उनके परिवार और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है।
घोडाबांधा आवास से दोपहर 1 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अंतिम यात्रा अर्जुन मुंडा के जमशेदपुर स्थित घोड़ाबांधा आवास से दोपहर करीब 1 बजे निकलेगी। पार्थिव शरीर को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट ले जाया जाएगा, जहां पारंपरिक विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बांसुरी बजाकर मां को खुश करने की थी कोशिश
लंबे समय से बीमार चल रही मां को पिछले दिनों अर्जुन मुंडा ने बांसुरी बजाकर खुश करने की कोशिश की थी। तब उनकी मां ने सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद भी दिया था।
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने जताया शोक
अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि अर्जुन मुंडा की पूज्य माताजी के निधन का समाचार सुनकर मन बहुत दुखी है। उनके शब्दों में एक बेटे की पीड़ा झलकती है। उम्र कितनी भी हो जाए, मां सिर पर हाथ रख दे तो लगता है कि सब संभल जाएगा। उनकी पूज्य माताजी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और आपको व आपके परिवार को यह वियोग सहने की शक्ति दें।