UP Assembly Election 2027 : ​”जय श्रीराम के बाद अब ‘राधे-राधे’ पर सियासी संग्राम, केशव मौर्य का तंज— 2047 तक सत्ता से दूर रहेगी सपा”

Bindash Bol

* “यूपी की सियासत में ‘राधे-राधे’ पर बयानबाजी तेज, केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के राजनीतिक भविष्य पर उठाए सवाल”

UP Assembly Election 2027 : उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच तमाम मुद्दों को लेकर बयानबाज़ी दिन पर दिन तल्ख़ होती जा रही है. इस बीच एक सूबे की  राजनीति में धार्मिक नारों को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्हें गरीबों का विरोधी बताया है. उन्होंने समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा प्रमुख को पहले ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से परेशानी होती थी और अब ‘राधे-राधे’ के नारे से भी दिक्कत होने लगी है. मौर्य के इस बयान ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है.

‘राधे-राधे’ पर सपा को घेरा

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘राधे-राधे’ केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति से जुड़ी भावना का प्रतीक है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भाजपा की ओर से ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ का उद्घोष किया गया, तब समाजवादी पार्टी को अपनी पंचर साइकिल दिखाई नहीं दी, बल्कि उसे कमल मुरझाया हुआ नजर आने लगा. मौर्य ने इसे विपक्ष की सोच और दृष्टिकोण का दोष बताया.

कांग्रेस-सपा को बताया गरीबों का विरोधी

उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर पिछड़ों, दलितों और गरीबों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इन दलों ने लंबे समय तक गरीबों और वंचितों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है. इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता देने के लिए काम किया है.

50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का दावा

केशव मौर्य ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं. उन्होंने इसे देश के विकास और आम लोगों के जीवन में आए बदलाव की बड़ी उपलब्धि बताया. मौर्य के मुताबिक, विश्व बैंक ने भी इस उपलब्धि को स्वीकार किया है. हालांकि, गरीबी के आंकड़ों को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि अलग-अलग संस्थाएं गरीबी मापने के लिए अलग-अलग मानक और समयावधि इस्तेमाल करती हैं.

2047 तक सत्ता में आने को लेकर सपा पर निशाना

मौर्य ने कहा कि गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने भाजपा के चुनाव चिह्न कमल का जिक्र करते हुए दावा किया कि वर्ष 2047 तक समाजवादी पार्टी सत्ता में नहीं आने वाली और भाजपा सत्ता से बाहर नहीं जाने वाली.

बताते चलें कि उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी. उनके इस बयान के बाद अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि धार्मिक नारों से शुरू हुई यह बहस आने वाले दिनों में सपा और भाजपा के बीच सियासी टकराव को और तेज कर सकती है.

Share This Article
Leave a Comment