* गरीबों के हक का मुफ्त राशन खा रहे अमीर! 13% लाभार्थियों के पास AC-कार
Free Ration Scheme : देश में करोड़ों परिवार ऐसे हैं, जिनके लिए महीने का राशन जुटाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है. ऐसे जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार मुफ्त राशन योजना चला रही है. इसके तहत हर महीने करीब 79 करोड़ लोगों को अनाज दिया जाता है. लेकिन अब इस योजना को लेकर एक ऐसा खुलासा हुआ है, जो इसकी पात्रता तय करने वाली व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
सरकार के एक सर्वे में पता चला है कि मुफ्त राशन पाने वाले हर 100 लोगों में से करीब 13 ऐसे हैं, जो योजना की तय शर्तों के मुताबिक इसके हकदार नहीं हैं. इनमें ऐसे परिवार भी शामिल हैं, जिनके पास एयर कंडीशनर (AC), कार, सरकारी नौकरी या तीन से ज्यादा कमरों वाला पक्का मकान है. जिस योजना का मकसद जरूरतमंद परिवारों की थाली तक अनाज पहुंचाना है, उसका फायदा कुछ ऐसे परिवार भी उठा रहे हैं, जिन्हें राज्य सरकारों के नियमों के अनुसार मुफ्त राशन नहीं मिलना चाहिए.
क्या होता है ‘इन्क्लूजन एरर’?
सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, डिपार्टमेंट ऑफ फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन (DFPD) ने ये स्टडी कराया है. साल 2025-26 में किए गए इस सर्वे में देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 51,303 लाभार्थी परिवारों को शामिल किया गया. सर्वे में सामने आया कि मुफ्त अनाज पाने वाले कुल लाभार्थियों में 13.2 फीसदी ऐसे हैं, जो अपने राज्य की तय पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करते. इस गड़बड़ी को सरकारी भाषा में ‘इन्क्लूजन एरर’ कहा जाता है.
राज्यों के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर दिखाई दिया. पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और तमिलनाडु में यह समस्या सबसे ज्यादा मिली, जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में इसका अनुपात काफी कम रहा.
* कुल लाभार्थी: अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत करीब 78.63 करोड़ लोग योजना से जुड़े थे.
* अपात्र लाभार्थी: सर्वे में 13.2 फीसदी लोगों को तय नियमों के मुताबिक अपात्र पाया गया.
* सर्वे का दायरा: देशभर के 51,303 लाभार्थी परिवारों को इसमें शामिल किया गया.
* अपात्रता के आधार: तीन या उससे ज्यादा कमरों वाला पक्का मकान, AC, कार और परिवार में सरकारी नौकरी करने वाला सदस्य.
* ग्रामीण-शहरी अंतर: ग्रामीण क्षेत्रों में अपात्रता की दर 12.5 फीसदी और शहरी क्षेत्रों में 15.6 फीसदी रही.
* खाद्य सब्सिडी: सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 में खाद्य सब्सिडी पर 2.28 लाख करोड़ रुपये खर्च किए.
इन राज्यों में सबसे ज्यादा अपात्र लाभार्थी
* द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे में राज्यों के बीच मुफ्त राशन पाने वाले अपात्र परिवारों की संख्या में काफी अंतर देखने को मिला.
* पश्चिम बंगाल इस मामले में सबसे ऊपर रहा. इसके बाद त्रिपुरा और तमिलनाडु का नंबर आया. बिहार, ओडिशा, पंजाब और महाराष्ट्र में भी अपात्र लाभार्थियों का अनुपात राष्ट्रीय औसत से ज्यादा मिला.
* वहीं, मध्य प्रदेश में यह दर 0.5 फीसदी, जम्मू-कश्मीर में 0.3 फीसदी, हरियाणा और दिल्ली में 1-1 फीसदी और राजस्थान में 1.8 फीसदी रही. उत्तर प्रदेश में भी अपात्र लाभार्थियों का अनुपात राष्ट्रीय औसत से कम बताया गया है.
* पश्चिम बंगाल- 39.5 फीसदी
* त्रिपुरा- 39.2 फीसदी
* तमिलनाडु- 38.7 फीसदी
* मेघालय- 28.5 फीसदी
* बिहार- 25.5 फीसदी
* ओडिशा- 22.9 फीसदी
* सिक्किम- 21.9 फीसदी
* पंजाब- 20.6 फीसदी
* महाराष्ट्र- 20.3 फीसदी
कैसे होती इन्क्लूजन एरर की गड़बड़ी?
इन्क्लूजन एरर का मतलब है कि ऐसे परिवारों को भी सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है, जो उसके लिए तय पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करते. उदाहरण के तौर पर, अगर किसी राज्य के नियमों के मुताबिक कार रखने वाला परिवार मुफ्त राशन का हकदार नहीं है, लेकिन उसका नाम राशन कार्ड की लिस्ट में बना हुआ है, तो इसे इन्क्लूजन एरर माना जाएगा.
इसकी एक बड़ी वजह लाभार्थियों की लिस्ट को समय पर अपडेट नहीं करना हो सकती है. कई बार परिवार की आर्थिक स्थिति बदल जाती है, किसी सदस्य को सरकारी नौकरी मिल जाती है या परिवार की संपत्ति बढ़ जाती है, लेकिन राशन कार्ड की लिस्ट में पुरानी जानकारी बनी रहती है. रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों में पात्रता के नियम और उनकी जांच करने का तरीका भी अलग-अलग है. इसी वजह से राज्यों के आंकड़ों में इतना अंतर दिखाई देता है.
केंद्र और राज्य सरकार की क्या है जिम्मेदारी?
मुफ्त राशन योजना में केंद्र और राज्य सरकारों की जिम्मेदारियां अलग-अलग हैं. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), 2013 के तहत केंद्र सरकार यह तय करती है कि किसी राज्य में कितने लोगों को योजना के दायरे में रखा जा सकता है. वहीं, लाभार्थियों की पहचान करने और उनकी सूची तैयार करने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की होती है.
केंद्र सरकार: राज्यों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराती है और लाभार्थियों की अधिकतम संख्या तय करती है. राज्य सरकार: परिवारों की आर्थिक स्थिति, संपत्ति, जमीन, रोजगार और दूसरी शर्तों के आधार पर पात्र लोगों की पहचान करती है. राशन कार्ड की जांच: राज्यों को यह सुनिश्चित करना होता है कि अपात्र परिवारों के नाम सूची में न बने रहें और जरूरतमंदों को योजना का लाभ मिलता रहे.
रिपोर्ट में भी माना गया है कि राज्यों के पात्रता नियमों और लाभार्थियों के आंकड़ों को अपडेट करने के तरीके में अंतर इस गड़बड़ी की बड़ी वजह हो सकता है.
गरीब परिवारों को कितना मिलता है मुफ्त राशन?
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत परिवारों को दो श्रेणियों में बांटा गया है. पहली श्रेणी अंत्योदय अन्न योजना (AAY) की है, जिसमें सबसे गरीब परिवारों को शामिल किया जाता है. दूसरी श्रेणी प्राथमिकता वाले परिवारों (PHH) की है.
* अंत्योदय अन्न योजना: सबसे गरीब परिवारों को हर महीने 35 किलो अनाज दिया जाता है.
* प्राथमिकता वाले परिवार: इस श्रेणी में हर सदस्य को हर महीने 5 किलो अनाज मिलता है. सर्वे के मुताबिक, अंत्योदय परिवारों में अपात्रता की दर 12.2 फीसदी रही, जबकि प्राथमिकता वाले परिवारों में यह 13.4 फीसदी थी
.