Parliament Special Monsoon : परिसीमन बिल … क्या बदलेगा संसद का अंकगणित और कैसे पार होगी दो-तिहाई बहुमत की बाधा?

Siddarth Saurabh

* परिसीमन बिल पर इतना क्यों है घमासान? सरकार और विपक्ष क्यों कर रहे हैं बड़ी तैयारी, जानिए पूरा गणित

Parliament Special Monsoon : ​अप्रैल 2026 में लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत न मिल पाने के झटके के बाद केंद्र सरकार एक बार फिर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी पैकेज को आगे बढ़ाने की तैयारी में है. 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा के सत्र के साथ इस संवेदनशील मुद्दे पर सियासी हलचल तेज हो गई है, जहां एनडीए के बदलते संख्याबल, विपक्षी दलों के रुख और संवैधानिक संशोधन की शर्तों पर सबकी नजरें टिकी हैं.

केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठकें एक बार फिर से बुलाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. हालांकि सरकार ने अभी तक इन बैठकों का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन सियासी गलियारों में परिसीमन (Delimitation) से जुड़े एक बड़े विधेयक को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सरकार सोमवार को लोकसभा में परिसीमन से जुड़ा बिल पेश कर सकती है. इस कदम को सीधे तौर पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून को धरातल पर लागू करने की दिशा में एक निर्णायक पहल के रूप में देखा जा रहा है.

हालांकि आगामी परिसीमन बिल (Delimitation Bill) को संसद के निचले सदन यानी लोकसभा से पारित कराने के लिए सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सामने संख्याबल का बड़ा गणित खड़ा है. संविधान संशोधन से जुड़े इस महत्वपूर्ण बिल को पास कराने के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी.

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, आवश्यक सरकारी कामकाज को पूरा करने के लिए लोकसभा की बैठक आगामी सोमवार यानी 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक बुधवार यानी 2 दिसंबर को फिर से बुलाने का अनुरोध किया गया है. इस घोषणा के साथ ही राष्ट्रीय राजनीति में हलचल काफी तेज हो गई है.

विशेष सत्र नहीं, मानसून सत्र का ही विस्तार

सरकार की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि यह कोई नया या विशेष सत्र नहीं है, बल्कि यह मानसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही है. संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, यह कार्यवाही 3 दिसंबर को खत्म हो सकती है. इस दौरान लोकसभा की बैठक चार दिनों तक और राज्यसभा की बैठक दो दिनों तक चलने की संभावना है.

क्या है लोकसभा का वर्तमान गणित?

लोकसभा की कुल 543 सीटों में से वर्तमान में सदस्यों की प्रभावी संख्या 540 है. ऐसे में यदि सभी सांसद मतदान में हिस्सा लेते हैं, तो बिल को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 360 बैठता है. वर्तमान में एनडीए के पास कुल 320 सांसदों का समर्थन है, जो जादुई आंकड़े से 40 कम है.

एनडीए के घटक दलों का संख्याबल (कुल 320)

• बीजेपी: 241

• एनसीपीआई: 20

• टीडीपी: 16

• शिवसेना: 13

• जेडीयू: 12

• एलजेपी (आरवी): 5

• आरएलडी: 2

• जेएसपी: 2

• जेडीएस: 2

• अन्य सहयोगी दल: एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, एजीपी, आजसू, अपना दल (एस), हम (HAM) और एसकेएम के 1-1 सांसद (कुल 7)

बिल पास कराने की तीन प्रमुख संभावनाएं

राजनीतिक गलियारों में इस बिल को पास कराने के लिए तीन प्रमुख समीकरणों पर चर्चा हो रही है…..

1.तीन अन्य बड़े दलों का सीधा समर्थन: अगर एनडीए को डीएमके (22), एनसीपी-एसपी (8) और वाईएसआरसीपी (4) का समर्थन मिल जाता है, तो गठबंधन को 34 अतिरिक्त वोट मिलेंगे. इसके बावजूद एनडीए का कुल आंकड़ा 354 तक ही पहुंचेगा और उसे बहुमत के लिए 6 और वोटों की आवश्यकता होगी.

2.DMK की गैरहाजिरी और दो दलों का साथ:अगर मतदान के दौरान डीएमके के 22 सांसद सदन से गैरहाजिर (वॉकआउट या अनुपस्थित) रहते हैं, तो सदन की प्रभावी संख्या घटकर 518 रह जाएगी और दो-तिहाई बहुमत का नया आंकड़ा 345 हो जाएगा. ऐसी स्थिति में यदि एनसीपी-एसपी (8) और वाईएसआरसीपी (4) एनडीए के पक्ष में मतदान करते हैं, तो भी एनडीए का कुल आंकड़ा 332 ही होगा, जो बहुमत से 13 वोट कम रहेगा.

3.DMK और NCP-SP दोनों की गैरहाजिरी:यदि DMK (22) और एनसीपी-एसपी (8) के कुल 30 सांसद मतदान से दूर रहते हैं, तो सदन में मौजूद सदस्यों की संख्या 510 रह जाएगी और बहुमत का आंकड़ा घटकर 340 पर आ जाएगा. इस समीकरण में वाईएसआरसीपी (4) के समर्थन के बावजूद एनडीए का आंकड़ा 324 तक पहुंचेगा, जो जरूरी 340 के आंकड़े से 16 वोट पीछे रहेगा.

क्या है ‘प्लान-बी’?

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यदि आंकड़ों का यह पेंच फंसता है तो फ्लोर मैनेजमेंट के तहत कुछ विपक्षी दलों के सांसदों की अनुपस्थिति अहम भूमिका निभा सकती है. बताया जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर शिवसेना (यूबीटी), जेएमएम, आरजेडी और आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ सांसद मतदान के दौरान गैरहाजिर रह सकते हैं. इसके अलावा समाजवादी पार्टी (सपा) के भी कुछ सांसदों के अनुपस्थित रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे बहुमत का आवश्यक आंकड़ा नीचे आ सके और बिल के पारित होने का रास्ता साफ हो जाए.

संसद की आगामी बैठकों से ठीक पहले, आज दोपहर 1 बजे दिल्ली में केंद्रीय कैबिनेट की एक अहम बैठक बुलाई गई है. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के मसौदे में कुछ जरूरी बदलावों को मंजूरी दी जा सकती है. दूसरी ओर, सरकार की इस रणनीति का मुकाबला करने के लिए विपक्ष भी सक्रिय हो गया है. कांग्रेस ने इस मुद्दे पर चर्चा करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए एक बैठक बुलाई है, जिसमें ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के प्रमुख नेता भी शामिल होंगे.

परिसीमन और महिला बिल क्या है?

परिसीमन बिल पास कराने का मकसद लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाना है. सरकार की कोशिश लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने की है. इसके लिए 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का फॉर्मूला अपनाया गया है. यानी हर राज्य में लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत का इजाफा किया जाएगा.

मसलन यूपी में इस वक्त लोकसभा की 80 सीट है, इसे बढ़ाकर 120 किया जाएगा. इसके अलावा, सरकार लोकसभा की कुल सीटों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना चाहती है.

संसद के भीतर क्यों अहम है यह मोड़

* ​संवैधानिक संशोधन की कड़ी शर्त: परिसीमन से जुड़े ढांचे, लोकसभा की अधिकतम सीट सीमा बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने की समय-सीमा से जुड़े प्रस्तावों के लिए संसद में विशेष बहुमत (दो-तिहाई बहुमत) की आवश्यकता होती है, जिससे सदन में अंकगणित निर्णायक बन जाता है। 

* ​अप्रैल 2026 के बाद बदला संख्याबल: अप्रैल 2026 में विधेयक के अटकने के बाद से लोकसभा के भीतर दलों के समीकरण और सांसदों की स्थिति में बदलाव आया है, जिससे सरकार को उम्मीद है कि वह जरूरी समर्थन के करीब पहुंच सकती है। 

* ​महिला आरक्षण और सीटों का संतुलन: प्रस्तावित पैकेज का उद्देश्य परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के एक-तिहाई आरक्षण को लागू करने का रास्ता साफ करना है, साथ ही राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर उठने वाली चिंताओं को साधना भी बड़ी चुनौती है।

Share This Article
Leave a Comment