UP Assembly Elections 2027 : यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच घमासान जारी है। कांग्रेस उम्मीद जता रही है कि सब ठीक हो जाएगा और गठबंधन को लेकर अगले राउंड की बातचीत जल्द होगी। इस बीच, समाजवादी पार्टी के सख्त तेवरों को देखते हुए यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने अब नया दांव चला है। इमरान मसूद ने मायावती को बड़ा नेता बताते हुए संकेत दिए हैं कि अगर कांग्रेस का समाजवादी पार्टी से गठबंधन नहीं होता है तो उनके रास्ते खुले हैं। इमरान मसूद ने मायावती की तारीफ करते हुए उन्हें बड़ा नेता बताया और कहा कि ये उनके ऊपर है कि वो उन्हें बुलाती हैं या नहीं। इस बीच, समाजवादी पार्टी ने फिर दोहरा दिया है कि कांग्रेस का जितना वोट शेयर है, उतनी ही सीटें मिलेंगी।
मसूद ने मायावती को बताया बड़ा नेता
जान लें कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है। यूपी कांग्रेस के नेता और प्रभारी बातचीत के रास्ते तलाश रहे हैं। समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ अगले राउंड की बातचीत का भरोसा दिला रहे हैं लेकिन इमरान मसूद के तीखे तेवर बरकरार हैं। इमरान मसूद ने अब नया पैंतरा आजमाया है। उन्होंने मायावती को बड़ा नेता बताकर अखिलेश यादव को अपने विकल्प बता दिए हैं।
खरगे ने इमरान मसूद को दी नसीहत
बीते गुरुवार को लखनऊ में अखिलेश ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जिस जनसभा को संबोधित कर रहे थे उसके मंच पर इमरान मसूद भी मौजूद थे। इस दौरान, खरगे ने इमरान मसूद को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद जितना अच्छा बोलते हैं, उससे अच्छा काम भी करना होगा। जितना मिलकर काम करेंगे उतना आगे बढ़ेंगे।
आजम खान ने मसूद को कहा ‘छोटा नेता’
उधर, आजम खान अब तक अलायंस के सवाल पर चुप थे, लेकिन गुरुवार को वो भी बोल पड़े। आजम खान ने एक तरफ सब्र करने की सलाह दी तो दूसरी तरफ इमरान मसूद को छोटा नेता कह दिया। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी के झगड़े पर बीजेपी ने फिर मजे लिए। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने अखिलेश यादव और कांग्रेस नेताओं के पुराने बयान याद दिलाए और दावा किया कि यूपी में फिर बीजेपी की सरकार बनने वाली है। अखिलेश यादव 5 उम्मीदवार तय कर चुके हैं। अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया है लेकिन कांग्रेस के सवाल पर चुप्पी है। ऐसे माहौल में कांग्रेस को उम्मीद है कि गठबंधन पर बातचीत का अगला राउंड जल्द होगा।