SHIBU SOREN HEALTH UPDATE :दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन वेंटिलेटर पर हैं, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. इसके बारे में सर गंगाराम अस्पताल में नेफ्रोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. एके भल्ला ने बताया कि अधिक उम्र होने व बाईपास सर्जरी होने के चलते रिकवरी में समय लग रहा है. साथ ही वह डायबिटिक भी हैं. उनको किडनी और फेफड़े की लंबे समय से बीमारी है. हाल ही में उन्हें ब्रेन स्ट्रोक भी आया था, इसके चलते उन्हें ठीक होने में समय लग रहा है. हालांकि, उनकी हालत में पहले से सुधार हो रहा है.
बताया गया कि शरीर के बाएं हिस्से में ब्रेन स्ट्रोक होने से पैरालाइसिस की शिकायत के बाद वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तभी से वह अस्पताल में आईसीयू में वेंटीलेटर पर हैं. इसके चलते झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके बेटे हेमंत सोरेन करीब एक सप्ताह से दिल्ली में ही रुके हुए हैं. शिबू सोरेन का हालचाल लेने के लिए सर गंगाराम अस्पताल में नेताओं का आना-जाना भी लगा हुआ है.
