Odisha: ओडिशा के बालासोर के एक कॉलेज में पढ़ने वाली सेकंड ईयर की छात्रा ने खुद को आग लगा लिया। उसने अपने HOD पर सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया है। छात्रा ने कॉलेज कैंपस में आत्मदाह करने की कोशिश की। वह 90% जल गई है। उसकी हालत गंभीर है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि HOD ने उससे सेक्सुअल फेवर्स की डिमांड की थी। ऐसा नहीं करने पर उसका भविष्य बर्बाद करने की धमकी दी थी।
इस घटना के बाद ममता बनर्जी की पार्टी TMC (Trinamool Congress) ने रविवार को राज्य की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। TMC ने अपने X हैंडल पर पोस्ट किया, “अलग दिन, अलग पीड़िता – भाजपा के राज में वही सड़ांध। ओडिशा के बालासोर में एक छात्रा को अपने HOD द्वारा यौन संबंध बनाने की मांग और भविष्य बर्बाद करने की धमकी के बाद खुद को आग लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा। वह 95% जल चुकी है। एक साथी छात्र ने उसे बचाने की कोशिश की, वह 70% जल गया है। मोहन चरण मांझी की चुप्पी शर्मनाक है।”
फकीर मोहन कॉलेज की छात्रा ने लगाई आग
बता दें कि शनिवार दोपहर को फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज की छात्रा ने खुद को आग लगाई थी। वह द्वितीय वर्ष की इंटीग्रेटेड बी.एड. की छात्रा है। उसने सहायक प्रोफेसर समीरा कुमार साहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रिसिपल दिलीप कुमार घोष से मुलाकात की थी। समीरा साहू उसके HOD हैं। छात्रा ने अपने HOD पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
छात्रा ने कॉलेज कैम्पस में खुद पर केरोसिन डाला और आग लगा लिया। एक छात्र ने उसे बचाने की कोशिश की। वह 70% जल गया है। दोनों को पहले जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में एम्स भुवनेश्वर भेज दिया गया।
आरोपी HOD के साथ प्रिंसिपल निलंबित, इलाज करा रही सरकार
ओडिशा के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने इस घटना को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को बेहद संवेदनशीलता से लिया है। आरोपी HOD को गिरफ्तार कर लिया गया है। HOD और प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच एक उच्च-स्तरीय समिति कर रही है। सरकार छात्रा और उसे बचाने की कोशिश करने वाले छात्र के इलाज का खर्च उठा रही है।
