President Droupadi Murmu : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह कल गुरुवार को एम्स देवघर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग ली थी। राष्ट्रपति आज शुक्रवार को आईआईटी-आईएसएम धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को आईआईटी-आईएसएम के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए धनबाद जाएंगी। वे वहां लगभग एक घंटे तक रहेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू आईआईटी आईएसएम के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाली दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 10 मई 2014 को संस्थान के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
राज्यपाल गंगवार और सीएम सोरेन भी होंगे शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई। राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके साथ कार्यक्रमों में शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे को देखते हुए धनबाद हवाई पट्टी क्षेत्र को गुरुवार सुबह 10 बजे से शुक्रवार शाम 6 बजे तक 32 घंटे के लिए ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, हॉट एयर बैलून और पैराग्लाइडर उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
सभी अफसरों की छुट्टियां दो दिन के लिए रद्द
सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं और उनके अवकाश को इन दो दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है। रांची में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के कारण नए ट्रैफिक नियम लागू होंगे। गुरुवार को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक और शुक्रवार को सुबह 6 बजे से 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में प्रतिबंधित रहेगा, ताकि राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही सुचारू हो सके। आपको बताते चलें, राष्ट्रपति मुर्मू को पहले 10 जून को झारखंड आना था, लेकिन वह दौरा बाद में स्थगित कर दिया गया था।
