Donald Trump On India: भारत ने रूस से तेल खरीदना नहीं किया है बंद

Bindash Bol

Donald Trump On India: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया है. साथ ही यह भी कहा है कि रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा. उसके बाद रॉयटर्स ने खबर दी थी कि भारतीय कंपनियों ने रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है. लेकिन भारत सरकार ने इस पर अपनी सफाई दी है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दुनियाभर के देशों के खिलाफ लगातार टैरिफ का ऐलान कर रहे हैं, भारत पर 25% टैरिफ लगाए जाने के बाद अब ट्रंप ने एक बड़ा दावा कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है, इतना ही नहीं ट्रंप ने ये तक कह दिया कि भारत को एक दिन पाकिस्तान से तेल खरीदना पड़ सकता है. हालांकि विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक रूस के साथ ट्रेड उसी तरह जारी है, जैसा पहले था. इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने भी कहा था कि रूसी आयात को रोकने वाली खबरों को लेकर कोई जानकारी नहीं है.

रूस से तेल खरीद पर भारत का जवाब

रूस से तेल खरीद को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से सवाल किया गया था, इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ‘जहां तक ऊर्जा जरूरतों की सोर्सिंग की बात होती है, उस पर हमारा रवैया पहले से ही साफ है. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में जो तेल बिकता है, वो किस भाव में मिलता है. उस पर वैश्विक माहौल को देखते हुए फैसला लिया जाता है.जहां तक रूसी आयात को रोकने वाली भारतीय तेल कंपनियों की खबरों की बात है तो इसकी कोई जानकारी नहीं है.’

‘तीसरे देश के चश्मे की नहीं जरूरत’

भारत की तरफ से साफ किया गया है कि रूस के साथ दोस्ती वैसे ही बरकरार रहेगी, जैसी कि पहले से है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘किसी भी देश के साथ हमारे संबंध उसकी योग्यता पर आधारित हैं और उन्हें किसी तीसरे देश के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए. जहां तक भारत-रूस संबंधों का सवाल है, हमारे बीच एक स्थिर और टाइम टेस्टेड पार्टनशिप है.’

Share This Article
Leave a Comment