CloudBurst : उत्तराखंड के उत्तरकाशी से दिल को दहला देने वाला वीडियो सामने आया है. यहां हर्षिल के धराली में बादल फटा, जिससे तबाही मच गई. हादसे में 12 लोगों के मलबे में दबने की सूचना है. वहीं 60 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है. इस हादसे में अभी तक 5 लोगों की मौत की खबर है. वहीं 100 से ज्यादा लोग वहां फंसे हुए हैं. बादल फटने का वीडियो भी सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि कैसे महज 20 सेकंड में सबकुछ तबाह हो गया. वीडियो में लोग चीखते नजर आए. उत्तराखंड आपदा पर इमरजेंसी बैठक बुलाई गई है. गढ़वाल के कमिश्नर की अध्यक्षता में बैठक हो रही है. इसमें राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की जाएगी.
आर्मी के हर्षिल कैंप के पास की घटना है. आर्मी की टीम घटना के 10 मिनट में ही मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया. 150 भारतीय सेना के जवान रेस्क्यू में लगे हुए हैं. समाचार लिखे जाने तक 20 लोगों को सेना ने रेस्क्यू किया है. एंबुलेंस, डॉक्टर की टीम मौके पर है. बड़ी संख्या में लोग मलबे में फंसे हुए हैं. बादल फटने से खीरगाढ़ का जलस्तर बढ़ा और कस्बा धराली खीरगाढ़ में तेजी से भारी मलबा बहता चला आया. इससे कस्बे के कई घरों मलबे में समा गए.
60 लोगों के लापता होने की आशंका
जानकारी के मुताबिक, बाढ़ का पानी कई होटलों में घुस गया है. बाढ़ के पानी के साथ मलबा भी घरों, दुकनों में घुस गया है. बताया जा रहा है कि जलस्तर बढ़ने से धराली मार्केट क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है. हादसे में 60 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपना दौरा स्थगित कर तत्काल देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धराली के प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, भारतीय सेना, NDRF एवं SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन अलर्ट मोड पर है. प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान की जा रही है.
हेल्पलाइन नंबर जारी
उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में आई आपदा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. ये हैं 01374-222126, 222722, 9456556431.
