Heavy Rain Alert : भारी बारिश और बाढ़ ने इस समय पहाड़ों से लेकर मैदानों तक ताबाही मचा दी है। त्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और बिहार जैसे राज्य इन दिनों लगातार हो रही बारिश से बुरी तरह प्रभावित हैं। वहीं, मौसम विभाग ने अब दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण राजस्थान के मध्य हिस्सों में बना निम्न दबाव 7 सितंबर की सुबह तक डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके असर से राजस्थान और गुजरात में 7 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में एक और निम्न दबाव सक्रिय है, जिसकी वजह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। इस सिस्टम का असर सिर्फ राजस्थान और एमपी तक ही नहीं, बल्कि कई अन्य राज्यों पर भी पड़ेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है।
यूपी में तीन दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में 7, 8 और 9 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। बारिश के इस दौर से कई राज्यों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
