Asia Cup Trophy : एशिया कप 2025 के फाइनल में रविवार को भारत ने पाकिस्तान को हराया। इसके बाद टीम इंडिया ने ACC के वर्तमान अध्यक्ष और PCB प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद नकवी ट्रॉफी लेकर चले गए।
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मोहसिन नकवी से कहा- ट्रॉफी आपकी संपत्ति नहीं
भारत ने मंगलवार को ACC की बैठक में नकवी के गलत व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई। बैठक में BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने नकवी को डांट लगाई। उनसे कड़े सवाल पूछे और विजेता भारतीय टीम को ट्रॉफी न देने के लिए उनकी खिंचाई की। शुक्ला ने नकवी को याद दिलाया कि ट्रॉफी ACC की संपत्ति है आपकी नहीं जो इसे अपने होटल के कमरे में ले गए। राजीव शुक्ला ने कहा कि ट्रॉफी भारत को उचित तरीके से सौंपी जानी चाहिए और ACC को इस मामले पर तुरंत गौर करना चाहिए।
राजीव शुक्ला और मोहसिन नकवी के बीच हुई तीखी बहस
एशिया कप ट्रॉफी विवाद को लेकर बैठक में राजीव शुक्ला और मोहसिन नकवी के बीच तीखी बहस हुई। नकवी ने कहा कि वह कार्टून की तरह खड़े रहे। भारतीय टीम ने पहले लिखित में नहीं दिया था कि वे उनसे ट्रॉफी नहीं लेंगे। जब राजीव शुक्ला ने सवाल उठाना जारी रखा तो नकवी ने कहा कि इन मुद्दों पर बैठक के दौरान नहीं, बल्कि किसी दूसरे मंच पर चर्चा की जाएगी।
मोहसिन नकवी ने भारत को बधाई देने से किया इनकार
बैठक के दौरान, नकवी ने टूर्नामेंट में भारत की जीत पर बधाई देने से इनकार कर दिया। आखिरकार बीसीसीआई के प्रतिनिधि आशीष शेलार ने उन्हें बधाई देने के लिए मजबूर किया। बीसीसीआई ने ट्रॉफी के बारे में अपना पक्ष रखना जारी रखा और स्पष्ट किया कि खिताब उन्हें सौंप दिया जाना चाहिए। उन्होंने एसीसी कार्यालय से इसे लेने की भी पेशकश की। बीसीसीआई इस मामले में ICC के सामने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराएगा।