Bihar CM : सम्राट चौधरी बने बिहार के नए मुख्यमंत्री; नई सरकार का शपथ ग्रहण

Bindash Bol

Bihar CM : सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली. आज सुबह पटना के लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. यह बिहार के इतिहास में पहली बार है जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से कोई नेता मुख्यमंत्री पद संभाल रहा है. सोमवार को जनता दल यूनाइटेड के चीफ नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, उन्होंने सम्राट चौधरी को जिम्मेदारी सौंपते हुए बिहार के बहतर कल की उम्मीद जताई है.

शपथ ग्रहण के मौके पर कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, JD(U) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (उर्फ ललन सिंह), केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, RLM के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और LJP के सांसद अरुण भारती शामिल थे. सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने हैं.

पहली बार बीजेपी के हाथ में कमान

अब तक बिहार की राजनीति में बीजेपी सहयोगी दल के रूप में सत्ता में रही थी, लेकिन इस बार नेतृत्व की जिम्मेदारी सीधे पार्टी के हाथ में आई है. सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बीजेपी ने एक नया राजनीतिक अध्याय शुरू कर दिया है. उनके साथ जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली, जिससे गठबंधन का संतुलन भी साफ नजर आया.

गठबंधन में आगे क्या होगा?

नई सरकार में सहयोगी दलों की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज है. माना जा रहा है कि चिराग पासवान की एलजेपी, जीतन राम मांझी की ‘हम’ और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को भी सरकार में जगह मिल सकती है. हालांकि अभी तक इस पर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. वहीं विभागों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और जेडीयू के बीच बातचीत जारी है, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चा हो रही है.

विकास पर रहेगा फोकस

सीएम पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सम्राट चौधरी ने साफ किया कि उनकी प्राथमिकता बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाना होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

कैसा रहा सम्राट चौधरी का सियासी सफर ?

जानकारी देते चलें कि 16 नवंबर 1968 को मुंगेर के लखनपुर में जन्में सम्राट चौधरी पूर्व केंद्रीय मंत्री शकुनी चौधरी के बेटे हैं.  सम्राट चौधरी के राजनीतिक सफर की शुरुआत लालू यादव की RJD से हुई थी. इसके बाद वह JDU में गए और फिर BJP का दामन थाम लिया. सम्राट चौधरी दो बार विधायक और MLC भी रह चुके हैं. जनवरी 2024 में नीतीश कुमार की NDA सरकार में उप-मुख्यमंत्री बने. उन्होंने वित्त, स्वास्थ्य, शहरी विकास, पंचायती राज आदि महत्वपूर्ण विभाग संभाले. 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में तारापुर सीट से जीते और BJP के प्रमुख चेहरे बने.

गौरतलब है कि बिहार में यह सत्ता परिवर्तन सिर्फ चेहरे का बदलाव नहीं, बल्कि राजनीतिक दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है. अब सभी की नजर आने वाले दिनों में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार और सरकार के अगले कदमों पर टिकी है.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment