Chhath : रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों की गूंज: राज ठाकरे के विरोध के बाद महाराष्ट्र की सियासत गरमाई, VHP और कांग्रेस ने दिखाए तीखे तेवर

Bindash Bol

Chhath :  देशभर में लोक आस्था का महापर्व ‘छठ’ हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, और अपने घर लौटने वाले प्रवासियों के लिए भारतीय रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं. इसी कड़ी में मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के स्वागत के लिए भोजपुरी में छठ के पारंपरिक लोकगीत बजाए गए. लेकिन, यह सुरीली पहल महाराष्ट्र में एक बड़े राजनीतिक विवाद की वजह बन गई है.
MNS प्रमुख राज ठाकरे ने रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे यूपी चुनावों से जुड़ा सियासी प्रोपेगैंडा करार दिया है. पार्टी नेताओं ने इसके सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहलुओं पर भी सवाल उठाए. हालांकि, इस विरोध के तुरंत बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने बाल ठाकरे के पुराने विचारों की याद दिलाते हुए MNS को घेरा, तो वहीं कांग्रेस और शिवसेना नेताओं ने भी साफ कर दिया कि लोकगीतों और संस्कृति का सम्मान हर भाषा में होना चाहिए. इस पूरी घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर भाषा और संस्कृति की बहस को तेज कर दिया है.

बिहार और बिहारियों की लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो गया है. देश के अलग-अलग कोनों से लोग UP-बिहार के लिए निकले हैं. रेलवे ने भी छठ यात्रियों के लिए खास इंतजाम किया है, स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं, लेकिन छठ की छठा से राज ठाकरे की पार्टी को दिक्कत हो गई. महाराष्ट्र में रेलवे स्टेशन पर छठ ट्रेनों की अनाउंसमेंट के दौरान इस पर्व से जुड़े लोकगीत बजे तो MNS ने सख्त ऐतराज जताया.

मध्य और पश्चिम रेलवे के कई बड़े स्टेशनों पर अनाउंसमेंट सिस्टम से छठ पूजा के गाने बजे. गाने भोजपुरी में थे, ऐसे में राज ठाकरे की पार्टी ने सवाल उठाया कि ये गाने मराठी में क्यों नहीं हैं, यानी वहीं मराठी थोपने की जिद. उनके हिसाब से छठ के लोकगीत जो सदियों से मैथिली, मगही और भोजपुरी में गाए जाते हैं, वह भी मराठी में बजने चाहिए.

महाराष्ट्र में कई संगठनों ने किया विरोध

दरअसल, रेलवे स्टेशन पर छठ गाने बजने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए थे. जिसके बाद MNS नेताओं समेत कई संगठनों ने इसका विरोध किया. इस मामले में रेलवे का कहना था कि यह छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के स्वागत के लिए की गई एक पहल थी, लेकिन महाराष्ट्र में कई सगंठनों का कहना था कि इससे मराठी अस्मिता को ठेस पहुंची है. साथ में लोकल यात्रियों तक जाने वाली कुछ अनाउंसमेंट भी प्रभावित हुई हैं. इस मामले में राज ठाकरे ने बीजेपी पर निशाना साधा है. 

राज ठाकरे ने जताया विरोध

अभी तक हिंदी से चिढ़ने वाले महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने भोजपुरी में बजने वाले छठ गीतों का भी विरोध किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा,  ‘BJP और उसका जहरीला सोशल मीडिया इकोसिस्टम आजकल ‘छठ पूजा’ के मुद्दे का फायदा उठाकर मुंबई और महाराष्ट्र में झगड़ा भड़काने की बेताब कोशिश कर रहे हैं. इसके लिए वे सोशल मीडिया पर रस्मों और उनसे होने वाले ‘कल्चरल हमले’ को दिखाते हुए रील चला रहे हैं. जैसे कि इतना ही काफी नहीं था उन्होंने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाना बजाने की भी कोशिश की जिसे MNS ने तुरंत बंद करवा दिया. फिर भी बीजेपी निराश है क्योंकि वे जो झगड़ा चाहते थे, वह नहीं हो पाया. यह सारी पागलपन भरी चालें उत्तर प्रदेश में आने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर की जा रही हैं.’

इतना ही नहीं MNS को छठ पूजा में प्रदूषण दिखता है. पार्टी के नेता कुशल धुरी का कहना है कि ये विरोध छठ पूजा को लेकर नहीं है लेकिन इसके कारण पर्यावरण दुषित होता है. मुंबई में लाखों उत्तर भारतीय लोग रहते हैं, छठ के कारण समुद्र का इकोसिस्टम डैमेज हो सकता है और इससे प्रदूषण होता है.

MNS के छठ विरोध पर VHP जैसे हिंदू संगठनों ने बाल ठाकरे की याद दिलाते हुए आईना दिखाया है. VHP नेताओं ने कहा कि बाला साहेब ठाकरे को हिंदू ह्रदय सम्राट कहा जाता था. हिंदुत्व के लिए काम करने वालों की प्रेरणा हैं बाला साहेब ठाकरे, छठ पूजा हो या कश्मीरी पंडितो से जुड़ा मुद्दा, वे हमेशा बढ़ावा देते थे, लेकिन आज उन्हीं के लोग हिंदू विरोधी बातें करते हैं.

महाराष्ट्र के मंत्री आषीष शेलार ने कहा कि आलोचना करने वाले बिना पूरी जानकारी के बोल रहे हैं. देशभर में अलग-अलग राज्यों और संस्कृति से जुड़े त्यौहार और कार्यक्रम होते हैं.

शिवसेना और कांग्रेस का अलग रुख

वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और शिवसेना ने भी इस मुद्दे पर अलग रुख अपनाया है. शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि छठ के गीत हजारों साल से भोजपुरी, मैथिली और मगही में गाए जाने वाले पारंपरिक भक्ति गीत हैं. भारतीय रेलवे देश के हजारों स्टेशनों पर छठ के गीत बजा रही है.

कांग्रेस की राय भी राज ठाकरे से बिल्कुल अलग है. कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंडे ने कहा कि भोजपुरी में क्या दिक्कत है. महाराष्ट्र काफी एडवांस स्टेट है, जब यहां इंग्लिश और पॉप सॉन्ग बज सकते हैं तो भोजपुरी लोकगीतों में क्या दिक्कत है, मराठी भाषा को किसी और भाषा से बैर नहीं है. मुंबई सबकी है. हम भारत के लोग हैं. इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं, फिलहाल यह मामला राजनीतिक तौर पर काफी गर्माया हुआ है और एक बार फिर हिंदी-मराठी के बाद भोजपुरी पर सियासत शुरू हो गई.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment