Chicago : शिकागो का मंच और भारतीय राजनीति का वैश्विक संदेश

Nishikant Thakur

Chicago : विश्व के कई शहरों की धरती इतनी उर्वर होती है कि वहाँ से उठने वाली आवाज़ों को पूरी दुनिया सुनती है। सच तो यह है कि ऐसे शहर में पहुँचना और फिर वहाँ के किसी प्रतिष्ठित मंच से अपने देश की ओर से विश्व को संबोधित करना बड़े गौरव की बात मानी जाती है। हम बात कर रहे हैं अमेरिका के शहर शिकागो की।

इतिहास बताता है कि वर्ष 1893 में शिकागो में विश्व धर्म संसद का आयोजन किया गया था। इसकी शुरुआत 11 सितंबर को हुई थी। भारत की ओर से इस धर्म संसद में भाग लेने के लिए स्वामी विवेकानंद के अलावा ब्रह्म समाज के प्रतिनिधि नागरकर और कलकत्ता से आए प्रतापचंद्र मजूमदार सहित दुनिया के कोने-कोने से धर्म के जानकार और विद्वान शामिल हुए थे। नागरकर और मजूमदार के भाषण प्रभावशाली रहे। अब बारी थी स्वामी विवेकानंद की। उनका चेहरा आत्मविश्वास और ओज से दमक रहा था। उन्होंने अपने सामने बैठे श्रोताओं पर दृष्टि डाली। लोगों की निगाहें जैसे उन पर टिक गईं। ऐसा सन्नाटा छा गया, मानो कोई तूफान आने वाला हो। पूरा सभागार नि:शब्द और नि:स्पंद था।

तभी उन्होंने कहा, “अमेरिका की मेरी बहनों और भाइयों!” उनका यह संबोधन पूरे सभागार में बिजली की धारा की तरह दौड़ गया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हॉल गूँज उठा। लोग अपनी जगहों पर खड़े हो गए।
स्वामी विवेकानंद ने कहना शुरू किया, “मुझे अपने धर्म से संबंधित होने का गौरव प्राप्त है, जिसने संसार को सहिष्णुता और सर्वस्वीकार का पाठ पढ़ाया है। हम न केवल संसार के सभी लोगों के प्रति सहिष्णुता में विश्वास करते हैं, बल्कि सभी धर्मों को सत्य मानते हैं। मुझे यह बताते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है कि मेरा संबंध उस धर्म से है, जिसकी पवित्र भाषा संस्कृत में अंग्रेजी के शब्द ‘एक्सक्लूजन’ (बहिष्कार) का कोई समानार्थी शब्द नहीं है।”

तालियों की गड़गड़ाहट थमने के बाद उन्होंने कहा, “मुझे उस राष्ट्र का सदस्य होने का गौरव प्राप्त है, जिसने संसार के सभी धर्मों और देशों के उत्पीड़ित तथा निराश्रित लोगों को अपने यहाँ आश्रय दिया है। हमें गर्व है कि हमने यहूदियों के पवित्र अवशेषों को अपने हृदय में स्थान दिया है। वे उस समय हमारे पास आए थे, जब रोमन अत्याचारियों ने उनके पवित्र मंदिर को ध्वस्त कर दिया था। मुझे उस धर्म से संबंधित होने का भी गर्व है, जिसने महान पारसी (जोरोएस्ट्रियन) समुदाय के अवशेषों को आश्रय दिया और आज भी उनका पालन-पोषण कर रहा है।” वर्ष 2018 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने भी शिकागो में आयोजित विश्व हिंदू कांग्रेस को संबोधित किया था। यह आयोजन स्वामी विवेकानंद के 11 सितंबर, 1893 को दिए गए ऐतिहासिक भाषण के 125 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया था।

इस कार्यक्रम में भागवत ने कहा था कि जब तक हिंदू एकजुट नहीं होंगे, तब तक मानव कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “हिंदू किसी का विरोध करने के लिए नहीं जीते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हो सकते हैं, जो हिंदुओं का विरोध करते हों। इसलिए हमें स्वयं को इतना सक्षम बनाना होगा कि वे हमें नुकसान न पहुँचा सकें। हिंदू समुदाय के लोगों को एकजुट होकर मानव कल्याण के लिए काम करना चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुओं का एक साथ आना अपने आप में कठिन है। हजारों वर्षों से वे प्रताड़ित होते रहे हैं, क्योंकि वे अपने मूल सिद्धांतों और आध्यात्मिकता को भूल गए हैं। हमें एकजुट होना होगा। हिंदू समाज तभी प्रगति कर सकेगा, जब वह एक समाज के रूप में काम करेगा। वर्ल्ड हिंदू फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मोहन भागवत के अलावा नीति आयोग के तत्कालीन उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान एक मिनट का मौन रखकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित लेखक वी.एस. नायपॉल को श्रद्धांजलि दी गई थी।

अमेरिकी शहर शिकागो की चर्चा आज इसलिए हो रही है कि हाल ही में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शिकागो विश्वविद्यालय में एक नई परंपरा की शुरुआत बिना भाषण के प्रश्नोत्तरी के रूप में  करना शुरू कर दिया है  । साक्षात्कार राजनीतिक  विशेषज्ञ रोबर्ट पैप कर रहे थे वहाँ जाकर छात्रों के सवालों के  जवाब भी दिए। उनका यह संबोधन अब भारत के  सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष की रणनीति है कि देश में जो कुछ हो रहा है, उसे लोगों के सामने लाया जाए और उजागर किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस तब तक चुनावी हार का सामना करने के लिए तैयार है, जब तक लोगों को यह एहसास नहीं हो जाता कि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। भारतीय लोकतंत्र को पवित्र बताते हुए उन्होंने चुनावों का बहिष्कार करने से इनकार किया। उनका कहना था कि चुनावों का बहिष्कार करने से लोकतंत्र समाप्त हो जाएगा। वर्ष 2014 के चुनावों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उस समय से ही उन्हें कुछ गड़बड़ी की आशंका थी, क्योंकि जीत का अंतर ऐसा था, जिसे वे समझ नहीं पा रहे थे। लेकिन उनके पास कोई प्रमाण नहीं था, इसलिए वे कुछ कह नहीं सके।

शिकागो विश्वविद्यालय में एक पाकिस्तानी छात्र के सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की गुंजाइश तो है, लेकिन जब तक पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को समर्थन देना और उसे बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तब तक बातचीत संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्दोष भारतीयों की हत्या जारी रहते हुए बातचीत करना स्वीकार्य नहीं हो सकता। आतंकवाद रुकने के बाद ही दोनों देशों के बीच संवाद शुरू हो सकता है।
नवंबर 2026 में अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, चुनाव प्रणाली और लोकतंत्र को लेकर कुछ बयान दिए, जिनकी भाजपा ने कड़ी आलोचना की। राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक आर्थिक आपदा के कगार पर है। उन्होंने बेरोजगारी, विनिर्माण और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जीडीपी के चमकदार आँकड़ों के बावजूद जमीनी स्तर पर रोजगार और विनिर्माण की स्थिति कमजोर है। हालाँकि, अर्थव्यवस्था की आलोचना करने के साथ-साथ उन्होंने भारत की संभावनाओं पर अपना भरोसा भी जताया।
नेता प्रतिपक्ष ने चुनावों में धांधली और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके पास इसके प्रमाण हैं। श्री राहुल गांधी ने कहा कि 14 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए हैं और चुनावों में पहले की तुलना में 20 से 50 गुना अधिक पैसा खर्च किया जा रहा है। भाजपा ने उनके इन बयानों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वे विदेश में भारत की छवि खराब कर रहे हैं और भारत विरोधी प्रचार कर रहे हैं।

आलोचना और प्रत्यालोचना तो राजनीतिज्ञों के बीच होती ही रहती है। लेकिन , नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जिस तरह विदेशों में जाकर अपनी पार्टी के साथ-साथ भारत के सम्मान को बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, उसकी प्रशंसा भी की जा रही है। इसके साथ ही यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि दूसरी पार्टियों, विशेषकर सत्तारूढ़ दल का कोई राजनेता विदेशों में जाकर इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से भारत का सम्मान बढ़ाने का प्रयास क्यों नहीं करता? यहाँ चिंता का एक और विषय सामने आता है। आखिर हमारे राजनीतिज्ञ ऐसी बातें क्यों नहीं करते, जिनमें सही को सही और गलत को गलत कहने का साहस हो? देश के हित में जो बातें और सुझाव उचित हों, उन्हें राजनीतिक विरोध के कारण अस्वीकार क्यों किया जाना चाहिए? लोकतंत्र की मजबूती इसी में है कि राजनीतिक दल एक-दूसरे की आलोचना अवश्य करें, लेकिन जहाँ देशहित की बात हो, वहाँ दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सही बात को स्वीकार भी करें।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और स्तंभकार हैं)

Share This Article
Leave a Comment