Congress Protest : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर छात्रों के भविष्य के साथ राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नीट (NEET) मुद्दे की आड़ में छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल कर संसद के जारी मॉनसून सत्र में व्यवधान पैदा करना चाहते हैं।
मंगलवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए शिक्षा मंत्री ने राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास (7, लोक कल्याण मार्ग) के बाहर किए गए प्रदर्शन की तीखी आलोचना की।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी और जनता को परेशानी
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि “लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस लगातार छात्रों को अपने राजनीतिक हथकंडे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। पीएम आवास के बाहर बिना पूर्व सूचना के धरना देने से न केवल आम जनता को भारी असुविधा हुई, बल्कि तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का भी खुलकर उल्लंघन किया गया।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार संसद में सभी विषयों पर पूरी पारदर्शिता के साथ चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस का रास्ता छोड़कर सड़क पर हंगामा करने को प्राथमिकता दी। शिक्षा मंत्री के अनुसार, विपक्ष का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं का समाधान खोजना नहीं, बल्कि मीडिया की सुर्खियाँ बटोरना और विधायी कार्यों में रुकावट डालना है।
“छात्रों को अफरा-तफरी नहीं, भरोसा चाहिए”
शिक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि देश के छात्र किसी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनने से कहीं अधिक बेहतर व्यवहार के हकदार हैं…
* भरोसा और समाधान: “छात्रों को अफरा-तफरी नहीं, सरकार का भरोसा चाहिए। उन्हें सिर्फ राजनीतिक नारों की नहीं, बल्कि ठोस समाधान की जरूरत है।”
* संसद में चर्चा की तैयारी: “हमारी सरकार नीट और युवाओं की हर जायज चिंता पर संसद के पटल पर खुलकर बात करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
* जवाबदेही और सुधार: “हम छात्रों के आक्रोश को समझते हैं और उन्हें सिर्फ दिलासा नहीं, बल्कि ठोस जवाब, पारदर्शी सुधार और पूर्ण जवाबदेही देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
मामले का पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि मंगलवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास की ओर मार्च करने लगे, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी सहित कई शीर्ष नेताओं को हिरासत में ले लिया था।
हिरासत में लिए गए नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया, जहाँ से कुछ घंटों बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। इसी घटनाक्रम के जवाब में शिक्षा मंत्री का यह तीखा बयान सामने आया है।