FIFA World Cup 2026 : हालैंड का तूफान, नेमार बेबस! नॉर्वे ने ब्राजील को हराकर रचा इतिहास, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

Bindash Bol

* पांच बार की चैंपियन ब्राजील वर्ल्ड कप से बाहर, नॉर्वे ने रचा इतिहास, 88 सालों में पहली बार किया ऐसा

FIFA World Cup 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब नॉर्वे ने पांच बार की चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। इस हार के साथ ब्राजील का 2002 के बाद फिर से विश्व चैंपियन बनने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में सबकी निगाहें दो सुपरस्टार खिलाड़ियों—नेमार और एर्लिंग हालैंड—पर टिकी थीं। ब्राजील को नेमार से चमत्कार की उम्मीद थी, जबकि नॉर्वे की सबसे बड़ी ताकत हालैंड थे। आखिरकार मैच का फैसला भी इन्हीं दोनों खिलाड़ियों के गोलों ने किया, लेकिन बाजी हालैंड के नाम रही।

पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में एर्लिंग हालैंड ने अपना असली रंग दिखाया। उन्होंने 79वें मिनट में शानदार गोल कर नॉर्वे को बढ़त दिलाई। इसके बाद 90वें मिनट में एक और गोल दागकर ब्राजील की वापसी की उम्मीदों पर लगभग विराम लगा दिया।

इंजरी टाइम में नेमार ने एक गोल कर स्कोर 2-1 जरूर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनका गोल ब्राजील को हार से नहीं बचा सका और अंतिम सीटी बजते ही नॉर्वे ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

हालैंड के दो गोलों ने नॉर्वे को जीत का नायक बना दिया, जबकि नेमार का संघर्ष ब्राजील को टूर्नामेंट में आगे नहीं ले जा सका। इसके साथ ही फुटबॉल इतिहास की सबसे सफल टीम ब्राजील का फीफा वर्ल्ड कप 2026 का अभियान राउंड ऑफ 16 में ही समाप्त हो गया।

Share This Article
Leave a Comment