FIFA World Cup 2026 Final: स्पेन फिर बना फुटबॉल का बादशाह, फेरान टॉरेस के गोल ने तोड़ा अर्जेंटीना का सपना

Bindash Bol

FIFA World Cup 2026 Final: फुटबॉल की दुनिया को नया चैंपियन मिल गया है। FIFA वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक फाइनल में स्पेन ने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। 120 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का फैसला एक्स्ट्रा टाइम में हुआ, जहां सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतरे फेरान टॉरेस ने 106वें मिनट में विजयी गोल दागकर स्पेन को ऐतिहासिक जीत दिला दी।

120 मिनट तक चला रोमांच, फिर टॉरेस बने हीरो

मैच की शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रामक अंदाज अपनाया और लगातार अर्जेंटीना के गोल पर दबाव बनाए रखा। निर्धारित 90 मिनट के साथ एक्स्ट्रा टाइम के पहले हाफ तक स्पेन ने कुल 19 शॉट लगाए, जिनमें 10 निशाने पर रहे। एक गोल फाउल के कारण रद्द भी कर दिया गया। आखिरकार एक्स्ट्रा टाइम के दूसरे हाफ की शुरुआत में फेरान टॉरेस ने शानदार लेफ्ट-फुट स्ट्राइक लगाकर गेंद को जाल में पहुंचाया और स्पेन को 1-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

मेसी का जादू नहीं चला, अर्जेंटीना रही बेअसर

पूरे मुकाबले में अर्जेंटीना स्पेन के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रही। स्पेन के गोल करने तक अर्जेंटीना एक भी शॉट गोल पोस्ट पर नहीं लगा सकी। अंतिम मिनटों में टीम ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन तीनों प्रयास निशाने से बाहर रहे। लियोनेल मेसी भी कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके और उनकी एक और विश्व कप ट्रॉफी के साथ विदाई का सपना अधूरा रह गया।

इतिहास ने खुद को फिर दोहराया

स्पेन ने 2010 के बाद दूसरी बार फीफा विश्व कप का खिताब जीता है। दिलचस्प बात यह रही कि 2010 की तरह इस बार भी फाइनल का एकमात्र गोल एक्स्ट्रा टाइम में आया। इतना ही नहीं, 2010 से पहले स्पेन ने 2008 का यूरो कप जीता था, जबकि इस बार टीम 2024 का यूरो चैंपियन बनने के दो साल बाद विश्व विजेता बनी है।

अर्जेंटीना का सपना टूटा

इस हार के साथ अर्जेंटीना का लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार विश्व कप जीतने का सपना भी टूट गया। वहीं स्पेन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि युवा जोश, मजबूत डिफेंस और अनुशासित खेल के दम पर वह दुनिया की सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीमों में शामिल है।

Share This Article
Leave a Comment