Imran Khan : पाकिस्तान की अडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी और अपनी पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत को लेकर गंभीर चिंता जताई है। 74 साल के इमरान खान ने पाकिस्तान की शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को एक खुला पत्र लिखकर आशंका जताई है कि सही इलाज न मिलने की वजह से जेल में उनकी जान भी जा सकती है। इमरान खान के वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर ये चिट्ठी शेयर की। वकील ने बताया कि 2 नवंबर और 11 नवंबर को अडियाला जेल में हुई मुलाकात के दौरान इमरान खान ने उन्हें अपनी यह बात जजों तक पहुंचाने के लिए कहा था।
‘जिंदा रहूंगा तभी तो खुद को बेगुनाह साबित कर पाऊंगा’
कराची स्थित अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान ने यह पत्र फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित करते हुए लिखा है। उन्होंने लिखा, ’74 साल की उम्र में यह सख्त व्यवस्था मुझे ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट पाऊं।’ पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के फाउंडर ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी उन गरीबों के लिए अस्पताल बनवाने में लगा दी, जो इलाज का खर्च नहीं उठा सकते थे, लेकिन आज वो खुद और अपनी पत्नी के इलाज के लिए गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने जजों से इंसानियत के नाते दखल देने की अपील करते हुए लिखा कि वह जिंदा रहेंगे, तभी खुद को बेगुनाह साबित कर पाएंगे।
इमरान खान ने चिट्ठी में उठाए ये 5 बड़े मुद्दे
85% तक कम हुई दाईं आंख की रोशनी
इमरान खान ने दावा किया है कि उनकी दाईं आंख की 85 फीसदी रोशनी जा चुकी है। इस बात का पता तब चला जब सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘एमिकस क्यूरी’ नियुक्त किए जाने के बाद 10 फरवरी को उनके वकील को उनसे मिलने की इजाजत दी गई।
ब्रेन हैमरेज और हार्ट अटैक का खतरा
पत्र के अनुसार, 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर (192 और 193) तक पहुंच गया था। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि इससे उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) का बड़ा खतरा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके दिल को पहले ही नुकसान पहुंच चुका है।
बुशरा बीबी की भी जा सकती है आंखों की रोशनी
इमरान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की हालत पर भी चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि अप्रैल में बुशरा की आंख का रेटिना खिसक गया था, जिसके बाद गुपचुप तरीके से उनकी एक जटिल सर्जरी की गई और वापस कालकोठरी में भेज दिया गया। इमरान के मुताबिक, जब उन्होंने इस महीने बुशरा को देखा, तो वह रोशनी भी बर्दाश्त नहीं कर पा रही थीं और न ही आंखें खोल पा रही थीं। अगर जल्द दूसरी सर्जरी नहीं हुई, तो उनकी आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है।
दिन में 22 घंटे कालकोठरी में कैद
इमरान खान ने आरोप लगाया कि उन्हें दिन में 22 घंटे तक अकेले एक अंधेरी कोठरी (सॉलिटरी सेल) में बंद रखा जाता है। उन्हें न तो किताबें और टीवी दिए जा रहे हैं और न ही उनके बेटों कासिम और सुलेमान से फोन पर बात करने दी जा रही है। यहां तक कि जेल के मेडिकल बोर्ड की सलाह के बावजूद उन्हें अपनी पत्नी और बहनों से भी मिलने से रोका जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी का आरोप
इमरान ने याद दिलाया कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दो दिनों के भीतर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने और मेडिकल बोर्ड बनाने का आदेश दिया था। लेकिन सरकार ने उन्हें शिफा अस्पताल ले जाने के बजाय 10-11 नवंबर की रात को सरकारी अस्पताल (PIMS) ले जाकर आंख में इंजेक्शन लगवाया और रात करीब ढाई बजे वापस जेल भेज दिया।
इमरान खान की चिट्ठी
पाकिस्तान सरकार ने क्या कहा?
अस्पताल बदलने के मामले पर पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। सरकार का कहना था कि अस्पताल के बाहर PTI कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होने की वजह से सुरक्षा को देखते हुए उन्हें शिफा अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। हालांकि, इमरान की पार्टी ने सरकार के इस दावे को खारिज करते हुए इसे कोर्ट के आदेश की जानबूझकर की गई अनदेखी बताया है। बता दें कि इमरान खान 5 अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं, जबकि उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था।