IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम बाल-बाल बच गई. वेलिंग्टन में खेले गए इस मुकाबले में 135 रन का मामूली लक्ष्य भी भारतीय टीम के लिए आफत साबित हुआ. मगर बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका और डकवर्थ-लुइस-स्टर्न मैथड (DLS) के आधार पर टीम इंडिया ने 4 रन से ये मैच जीतते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली. टीम इंडिया ने अपने तेज गेंदबाजों के दम पर न्यूजीलैंड को सिर्फ 134 रन पर रोक दिया था, लेकिन भारतीय टीम की पारी पूरी होने से पहले ही बारिश ने मैच रोक दिया, जिसके चलते टीम इंडिया को जीत मिली.
बराड़ समेत तेज गेंदबाजों का कहर
वेलिंग्टन के स्काय स्टेडियम में शनिवार 7 नवंबर को खेले गए इस मैच में भी बारिश का असर देखने को मिला. मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ और इसे 47 ओवर का ही करना पड़ा. मगर मैच शुरू होने के बाद गेंदबाजों का कहर बरपा, जिन्होंने न्यूजीलैंड को टिकने का मौका नहीं दिया. आकिब नबी ने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला विकेट लेते हुए एक ही ओवर में 2 शिकार कर लिए. फिर गुरनूर बराड़ और अंशुल कम्बोज का भी कहर बरपा और सिर्फ 53 रन तक 5 विकेट गिर गए.
डैरिल मिचेल (55) ने कप्तान मिचेल सैंटनर (31) के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की, जिसने टीम को 100 रन के पार पहुंचाया. मगर मिचेल के आउट होते ही पारी लड़खड़ा गई और पूरी टीम सिर्फ 134 रन पर ढेर हो गई. बराड़ ने बाउंसर का अच्छा इस्तेमाल किया और सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. नबी, कंबोज और अक्षर पटेल को 2-2 सफलताएं मिलीं.
भारतीय बैटिंग की भी उड़ी धज्जियां
मगर भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में ही कप्तान शुभमन गिल के साथ विराट कोहली भी जैकब डफी (3/35) का शिकार बन गए. रोहित शर्मा (23) ने कुछ अच्छे शॉट जमाकर रंग में लौटने की कोशिश की लेकिन वो भी ज्यादा देर नहीं टिके और काइल जैमीसन (3/35) की गेंद पर आउट हो गए. जबकि अक्षर पटेल फिर नाकाम रहे. सिर्फ 47 रन तक भारत के 4 विकेट गिर गए. यहां पर केएल राहुल और श्रेयस अय्यर साझेदारी जमाते दिखे लेकिन 86 के स्कोर पर अय्यर (30) फिर शॉर्ट पिच गेंद का शिकार बन गए.
यहीं पर भारतीय पारी फिर लड़खड़ाने लगी और 111 रन तक 7 विकेट गिर गए. इसी दौरान बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा. मैच रोके जाने तक भारत का स्कोर 113 रन था और केएल राहुल 26 रन बनाकर टिके हुए थे. मगर इसके बाद मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका और DLS स्कोर के आधार पर भारतीय टीम 4 रन आगे थी, इसलिए टीम इंडिया को विजयी घोषित किया गया.