IPL2026 : आईपीएल 2026 के 69वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस की टीमें वानखेड़े मैदान पर आमने- सामने होंगी. ये मुकाबला प्लेऑफ के आखिरी स्पॉट को लेकर तो अहम है ही, उसके अलावा इसमें वैभव सूर्यवंशी के पास रनों की रेस में फिर से नंबर 1 बनने का मौका भी होगा. रनों की रेस में नंबर 1 बनने का मतलब है ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाना. फिलहाल, इस रेस में वैभव सूर्यवंशी चौथे नंबर पर आ गए हैं. लेकिन, मुंबई इंडियंस के खिलाफ अगर वो बड़ी पारी खेलते हैं तो फिर से नंबर 1 बन सकते हैं.
साई सुदर्शन के सिर पर ऑरेंज कैप
आईपीएल 2026 के 68वें मैच के बाद ऑरेंज कैप गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन के सिर पर है. उनके 14 मैच की 14 पारियों के बाद 638 रन हैं. यानी, वो चौथे नंबर पर मौजूद वैभव सूर्यवंशी से 59 रन आगे हैं. वैभव के 13 मैच की 13 पारियों के बाद 579 रन हैं. ऑरेंज कैप की रेस में गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल 13 मैचों में 616 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं. वहीं हेनरिक क्लासेन 14 मैचों में 606 रन बनाए हैं और वो तीसरे नंबर पर है.
नंबर 1 बनने के लिए वैभव सूर्यवंशी को क्या करना होगा?
अब ऑरेंज कैप की रेस में नंबर 1 बनने के लिए वैभव सूर्यवंशी को करना क्या होगा? मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनका 60वां रन बेशकीमती होने वाला है. मतलब कम से कम 60 रन बनाते ही वो क्लासेन, गिल और सुदर्शन को पीछे छोड़ फिर से नंबर 1 बन जाएंगे. वैसे मुंबई के खिलाफ वैभव जितनी लंबी इनिंग खेलेंगे, राजस्थान का उसमें उतना फायदा है. राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ में जाने के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में हर हाल में जीत चाहिए.
भुवी-रबाडा में कांटे की टक्कर
पर्पल कैप की बात करें तो वहां भुवनेश्वर कुमार और कैगिसो रबाडा के बीच कांटे की टक्कर है. दोनों के 14-14 मैचों के बाद 24-24 विकेट हैं. हालांकि, बेहतर औसत और इकॉनमी के चलते भुवी इस रेस में नंबर 1 हैं. भुवनेश्वर का औसत 18.50 और इकॉनमी 8.07 की है. वहीं रबाडा ने 20.54 की औसत और 9.18 की इकॉनमी से 24 विकेट लिए हैं.