Heatwave Alert: मई का आखिरी सप्ताह उत्तर भारत और मध्य भारत के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण होता दिख रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 24 मई 2026 को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कई शहरों में भीषण हीटवेव का असर रहेगा। कई इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दूसरी ओर झारखंड के कुछ हिस्सों और बिहार के पूर्वी इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना भी जताई गई है। सबसे ज्यादा गर्मी यूपी, बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के कुछ शहरों में देखने को मिलेगी। राजधानी दिल्ली में आज 44 °C तापमान रहने का अनुमान है।
आज सबसे ज्यादा गर्म शहर कौन सा रहेगा?
24 मई को सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के कई शहरों- झांसी, प्रयागराज, बांदा, बनारस, मिर्जापुर, अचनेरा और औरैया में 47°C तक पहुंचने का अनुमान है। बिहार के दौडनगर, सासाराम और झारखंड के गढ़वा में भी 46°C तक पारा चढ़ सकता है। यह तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा है और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकता है।
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आज भीषण लू
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आज भीषण लू चलेगी। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, झांसी, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, बनारस और बांदा जैसे शहरों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जैसी स्थिति बनी हुई है। दिन में तेज गर्म हवाएं चलेंगी और रातें भी गर्म रहेंगी। आगरा, मेरठ और अलीगढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
बिहार-झारखंड में कहां बारिश और थंडरस्टॉर्म?
बिहार के पटना में अपेक्षाकृत राहत रहेगी जहां अधिकतम तापमान 38°C रहने का अनुमान है। हालांकि आरा, सासाराम और दौडनगर में गर्मी काफी तेज रहेगी। झारखंड के रांची और सिमडेगा-बानो क्षेत्र में गरज-चमक, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी है। यहां तापमान 39-41°C के बीच रहेगा लेकिन उमस परेशानी बढ़ाएगी।
मध्य प्रदेश में हीटवेव का कहर
भोपाल, इंदौर और उज्जैन में तेज धूप और सूखी गर्मी का असर रहेगा। भोपाल में तापमान 42°C तक जा सकता है जबकि आने वाले दिनों में यह 47°C तक पहुंचने का अनुमान है। इंदौर और उज्जैन में भी दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।
आने वाले दिनों में कितना चढ़ेगा पारा?
IMD के अनुसार 27-28 मई तक उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 46-47°C तक बना रहेगा। झारखंड और पूर्वी भारत में 27 मई के बाद हल्की राहत मिल सकती है। वहीं 29 मई के आसपास कुछ शहरों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
गर्मी से बचने के लिए जरूरी सावधानी
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। लगातार पानी और ORS लेते रहें।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ध्यान रखें। हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनें। सिर को ढककर बाहर निकलें।