Israel-Hamas Sign Gaza Peace Plan : इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने गाजा में युद्धविराम के लिए हमास के साथ एक सफल समझौते की घोषणा के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे इजराइल के लिए एक महान दिन बताया है।
नेतन्याहू ने एक्स पर एक बयान में कहा कि इजराइल के लिए एक महान दिन है। कल मैं समझौते को मंजूरी देने और हमारे सभी प्रिय बंधकों को घर वापस लाने के लिए सरकार की बैठक बुलाऊंगा।
क्या बोले ट्रंप?
इससे पहले ट्रंप ने इजराइल और हमास को लेकर एक पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा कि गर्व हो रहा है कि इजराइल और फिलिस्तीनी उग्रवादी समूह हमास गाज़ा में लड़ाई रोकने और बंधकों व कैदियों की रिहाई में मदद करने की योजना के पहले चरण पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि अब इजराइल अपने सैनिकों को एक निश्चित सीमा पर वापस बुलाएगा, जो एक मजबूत, टिकाऊ और स्थायी शांति की दिशा में पहला कदम होगा। सभी पक्षों के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह अरब और इजराइल के साथ साथ सभी आसपास के देशों व अमेरिका के लिए एक महान दिन है। हम कतर, मिस्र और तुर्की के मध्यस्थों का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने इस ऐतिहासिक और अभूतपूर्व घटना को संभव बनाने के लिए हमारे साथ काम किया।